फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप पांच खिलाड़ी

(Courtesy : Getty Images)
किलियन एम्बाप्पे और लियोनेल मेसी गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके साथ ही गोल्डन बूट की रेस भी बेहद रोमांचक हो गई है। कई स्टार खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन गोल करने के मामले में कुछ नाम बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे निकल चुके हैं।
फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी फिलहाल इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड, इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंघम भी गोल्डन बूट जीतने की दौड़ में बने हुए हैं। आइए जानते हैं फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अब तक सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप 5 खिलाड़ियों के बारे में।
ये हैं फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी
5. हैरी केन (इंग्लैंड) – 6 गोल

इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने एक बार फिर बड़े टूर्नामेंट में अपनी क्लास साबित की है। उन्होंने अब तक 6 गोल किए हैं और एक असिस्ट भी किया है। हालांकि, नॉर्वे के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मुकाबले में वह कोई गोल नहीं कर सके।
केन के नेतृत्व में उनकी टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और सेमीफाइनल में भी जगह बना ली है। अब वह फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें अर्जेंटीना से भिड़ना हैं, जहां कप्तान से गोल करने की उम्मीदें रहेंगी।
4. जूड बेलिंघम (इंग्लैंड) – 6 गोल

इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंघम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में नॉर्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। उनके दम पर इंग्लैंड ने 2-1 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
बेलिंघम अब तक इस टूर्नामेंट में 6 गोल और एक असिस्ट कर चुके हैं और गोल्डन बूट की रेस में मजबूती से बने हुए हैं। उनकी आक्रामक मिडफील्ड रन, बॉक्स में शानदार पोजिशनिंग और बड़े मुकाबलों में निर्णायक प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए लगातार फायदेमंद साबित हो रहा है।
3. एर्लिंग हालैंड (नॉर्वे) – 7 गोल

नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपनी ताकत और बेहतरीन फिनिशिंग का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इस संस्करण में कुल 7 गोल दागे और कई अहम मुकाबलों में अपनी टीम की जीत के हीरो रहे।
ब्राजील जैसी मजबूत टीम के खिलाफ राउंड ऑफ 16 मुकाबले में हालैंड का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, जिसने नॉर्वे को पहली बार वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। हालांकि, इंग्लैंड से हार झेलकर नॉर्वे के इस टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अब हालैंड भी गोल्डन बूट जीतने की रेस से बाहर हो चुके हैं।
2. लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) – 8 गोल

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित किया है कि बड़े मंच पर उनका कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 607 मिनट मैदान पर रहते हुए 8 गोल किए हैं और 2 असिस्ट भी किए हैं। हालांकि, लगातार 9 वर्ल्ड कप मुकाबलों में गोल करने का रिकॉर्ड बनाने के बाद वह क्वार्टरफाइनल मुकाबले में स्विट्ज़रलैंड के खिलाफ कोई गोल नहीं कर सके।
लेकिन इससे ठीक पहले राउंड ऑफ 16 में इजिप्ट के खिलाफ दो गोल से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना की ऐतिहासिक वापसी में भी मेसी की भूमिका अहम रही। अब अर्जेंटीना सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और इसके बाद यदि फाइनल तक पहुंचती है, तो मेसी के पास अपने करियर में एक और गोल्डन बूट जोड़ने का शानदार मौका होगा।
1. किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) – 8 गोल

फ्रांस के सुपरस्टार किलियन एम्बाप्पे इस संस्करण में गोल्डन बूट जीतने के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने अब तक 8 गोल करने के अलावा 3 असिस्ट भी किए हैं। यानी गोल करने के साथ-साथ वह अपनी टीम के लिए मौके बनाने में भी बराबर योगदान दे रहे हैं।
एम्बाप्पे की रफ्तार, मूवमेंट और बड़े मैचों में गोल करने की आदत उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक फॉरवर्ड्स में शामिल करती है। अगर इस संस्करण में फ्रांस खिताब जीतने में सफल रहता है, तो इसमें एम्बाप्पे का योगदान सबसे अहम हो सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.