श्रीलंका दौरे पर ये होंगे टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच, BCCI ने की टेंपरेरी व्यवस्था

श्रीलंका दौरे के लिए साईराज बहुतुले होंगे टीम के कार्यवाहक गेंदबाजी कोच।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर रवाना होने वाली है। श्रीलंका के इस दौरे पर टीम इंडिया के हेड कोच की नियुक्ति हो चुकी है, तो वहीं हेड कोच बनाए गए गौतम गंभीर के साथ सपोर्टिंग स्टाफ में असिस्टेंट कोच और फील्डिंग कोच के नाम भी तय हो चुके हैं, लेकिन अब हर किसी को इंतजार भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच का इंतजार है। श्रीलंका के दौरे पर भारत का गेंदबाजी कोच कौन होगा? ये सवाल फैंस के मन में हिचकोले मार रहा है।
भारतीय क्रिकेट टीम के परमानेंट बॉलिंग कोच के लिए दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल का नाम तय माना जा रहा है, लेकिन इनके नाम पर बीसीसीआई ने ऑफिशियल ऐलान नहीं किया है ऐसे में बोर्ड ने श्रीलंका के दौरे के लिए टेंपरेरी बॉलिंग कोच की नियुक्ति कर ली है। जिसके लिए भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज रहे साईराज बहुतुले को श्रीलंका के दौरे पर भारत के कार्यवाहक गेंदबाजी कोच के रूप में भेजा जाएगा।
NCA के गेंदबाजी कोच बहुतुले को श्रीलंका दौरे के लिए टीम में किया है शामिल
क्रिकबज में छपी खबर के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम के श्रीलंका के दौरे पर होने वाली 3 मैचों की टी20 सीरीज के साथ ही 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए नेशनल क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले को भेजा जाएगा। साईराज बहुतुले इस दौरे पर टीम इंडिया के अंतरिम गेंदबाजी कोच होंगे, जो गौतम गंभीर एंड कंपनी के साथ सपोर्टिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे।
वैसे बीसीसीआई ने इस दिग्गज स्पिन गेंदबाज के भी श्रीलंका दौरे पर गेंदबाजी कोच के लिए शामिल होने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
22 जुलाई को टीम इंडिया भरेगी श्रीलंका के लिए उड़ान
इस नियुक्ति की खबर मिलने के साथ ही अब श्रीलंका के दौरे पर हेड कोच गौतम गंभीर के साथ सपोर्टिंग स्टाफ में असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर, रेयान टेन डोशेट के अलावा फील्डिंग कोच टी. दिलीप अपनी सेवाएं देंगे। जिसमें से अभिषेक नायर, साईराज बहुतुले और टी दिलीप 22 जुलाई सोमवार को टीम इंडिया के साथ ही श्रीलंका के लिए उड़ान भरेंगे, तो वहीं रेयान टेन डोशेट अमेरिका में खेली जा रही मेजर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट की वजह से अमेरिका से श्रीलंका पहुंचेंगे।
बताया जा रहा है कि 22 जुलाई सुबह हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत आगरकर की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें उम्मीद है कि सभी बातों से पर्दा हट जाएगा।
For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table, on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.