Khel Now logo
HomeSportsWomen's Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IND vs BAN: तीन बड़े रिकॉर्ड्स जो टेस्ट सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर होंगे

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :September 13, 2024 at 6:06 PM
Modified at :September 13, 2024 at 6:06 PM
IND vs BAN: तीन बड़े रिकॉर्ड्स जो टेस्ट सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर होंगे

विराट कोहली इस सीरीज में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले हैं।

भारत और बांग्लादेश (IND vs BAN) के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 सितंबर से होने वाली है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 19 से 23 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में और दूसरा मुकाबला 27 से 01 अक्टूबर तक कानपुर के ग्रीन पार्क में खेला जाएगा। यह सीरीज भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद ही अहम है।

भारतीय टीम, बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली आगामी टेस्ट सीरीज को किसी भी हाल में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। इसके लिए अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के मिश्रण वाली टीम पर एक बड़ा दारोमदार होगा। हालांकि, इस सीरीज में 3 अनुभवी भारतीय खिलाड़ी बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले हैं। यहां हम आपको उन 3 बड़े रिकार्ड्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर रहेंगे।

3. केएल राहुल – टेस्ट करियर में 3000 रन पूरे करने के लिए चाहिए 137 रन

भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल वर्तमान समय में टेस्ट क्रिकेट में भी मध्य क्रम बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने इस क्रम में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसके चलते वह टीम में जगह बनाने में कामयाब भी रह रहे हैं। राहुल बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज में बड़ी उपलब्धि हासिल करने के कगार पर खड़े हैं।

दरअसल, केएल राहुल इस सीरीज में अपने टेस्ट करियर में 3000 रन पूरे कर सकते हैं। उन्हें यह उपलब्धि हासिल करने के लिए मात्र 137 रनों की आवश्यकता है। यदि राहुल के टेस्ट करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 50 टेस्ट मैचों की 86 पारियों में 34.08 की औसत से 2863 रन बनाए हैं।

2. रविंद्र जडेजा – टेस्ट करियर में 300 विकेट पूरे करने के लिए चाहिए 6 विकेट

भारतीय आलराउंडर रविंद्र जडेजा का टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी प्रदर्शन बेहद ही शानदार रहा है। उन्होंने कई मौकों पर शानदार प्रदर्शन करके अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। वह बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

दरअसल, रविंद्र जडेजा आगामी टेस्ट सीरीज में अपने टेस्ट करियर में 300 विकेट पूरा कर सकते हैं, जिसके लिए उन्हें मात्र 6 विकेटों की आवश्यकता है। यदि जडेजा के अब तक के टेस्ट करियर पर नजर डाले तो, उन्होंने 72 मैचों में 24.13 की औसत से 294 विकेट चटकाए हैं।

1. विराट कोहली – टेस्ट करियर में 9000 रन पूरे करने के लिए चाहिए 152 रन

बांग्लादेश के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज में विराट कोहली भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी होंगे। पिछले कुछ सालों से वह टेस्ट क्रिकेट में उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं, लेकिन उनसे इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जाएगी। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उनके आँकड़े उतने खराब नहीं हैं।

हालांकि, इस सीरीज के 2 मैचों में कोहली से 152 से ज्यादा रन बनाने की उम्मीद जरूर की जाएगी, क्योंकि ऐसा करते ही वह टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर लेंगे। दरअसल, उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 9000 रन पूरे करने के लिए मात्र 152 रनों की आवश्यकता है। वर्तमान समय में उन्होंने 113 मैचों की 191 पारियों में 8,848 रन बनाए हैं।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.