Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IND vs NZ फाइनल में कैसी होगी पिच? टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले से पहले सामने आया बड़ा अपडेट

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :March 7, 2026 at 6:43 PM
Modified at :March 7, 2026 at 6:57 PM
IND vs NZ फाइनल में कैसी होगी पिच? टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले से पहले सामने आया बड़ा अपडेट

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची हैं, इसलिए इस मुकाबले को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

किसी भी बड़े मैच में पिच का व्यवहार काफी अहम भूमिका निभाता है और फाइनल जैसे मुकाबले में यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। अहमदाबाद के इस मैदान पर पहले भी कई हाई स्कोरिंग मैच खेले जा चुके हैं, इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल में बल्लेबाजों को मदद मिलती है या गेंदबाज मैच में ज्यादा प्रभाव डालते हैं।

लाल और काली मिट्टी के मिश्रण से बनी है फाइनल के लिए इस्तेमाल होने वाली पिच

रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनल के लिए जो पिच तैयार की गई है वह लाल और काली मिट्टी (रेड और ब्लैक सॉइल) के मिश्रण से बनी हुई है। ऐसी पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है, जहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है और बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने में सहज महसूस करते हैं।

हालांकि, इस पिच पर स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा टर्न मिलने की उम्मीद नहीं है। इसके बजाय तेज गेंदबाजों को अच्छा बाउंस और गति मिल सकती है, जिससे मैच के शुरुआती ओवर काफी अहम हो सकते हैं।

फाइनल के लिए वानखेड़े जैसी बैटिंग पिच का हो सकता है इस्तेमाल

रिपोर्ट के मुताबिक भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले के लिए मुंबई के वानखेड़े जैसी बैटिंग पिच बनाई जा रही है। बता दें कि सेमीफाइनल मुकाबले में इसी तरह की पिच पर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन बनाए थे और 7 रनों के करीबी अंतर से जीत हासिल की।

इस तरह की पिच पर पहले बल्लेबाजी करना ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है, ताकि बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगाया जा सके और फिर गेंदबाजों की मदद से उसे डिफेंड किया जा सके। क्योंकि यदि पहले पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 230 से ज्यादा रन बना दिए तो फिर फाइनल जैसे दबाव वाले मुकाबले में इसे चेज करना मुश्किल हो सकता है।

तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर अक्सर गेंद अच्छी उछाल के साथ आती है। इसी वजह से तेज गेंदबाज यहां काफी प्रभावी साबित हो सकते हैं। जब गेंद नई होगी तो बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा।

भारत के पास जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे तेज गेंदबाज हैं, जो ऐसी परिस्थितियों में विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

पार स्कोर करीब 200 रन के आसपास

पिच के स्वभाव को देखते हुए माना जा रहा है कि फाइनल मुकाबले में पार स्कोर करीब 200 रन के आसपास हो सकता है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की आउटफील्ड भी काफी तेज है, जिसकी वजह से बल्लेबाजों को चौके-छक्के लगाने में मदद मिलती है।

अगर किसी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया तो दूसरी टीम के लिए लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा।

इस टूर्नामेंट में अहमदाबाद के मैदान पर बन चुके हैं बड़े स्कोर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इस मैदान पर खेले गए एक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने कनाडा के खिलाफ 213 रन बनाए थे और वह मैच 53 रन से जीतने में सफल रही थी। इसके अलावा भारत ने भी इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ 193 रन बनाए थे और उस मैच में 17 रन से जीत दर्ज की थी।

हालांकि, इसी मैदान पर भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में 76 रनों से हार का सामना भी करना पड़ा था, जिससे यह साफ होता है कि यहां बड़े स्कोर बनने के बावजूद मैच का परिणाम किसी भी दिशा में जा सकता है।

ताजा पिच पर खेला जाएगा फाइनल

फाइनल के लिए इस्तेमाल होने वाली पिच इस टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक मैच की मेजबानी कर चुकी है। ऐसे में यह पिच काफी हद तक ताजा स्थिति में होगी और बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिलने की संभावना है।

यही वजह है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला हाई स्कोरिंग भी हो सकता है और फैंस को एक रोमांचक फाइनल देखने को मिल सकता है।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.