T20 World Cup 2026: भारतीय टीम का पूरा शेड्यूल आया सामने, इस तारीख को पाकिस्तान से होगा घमासान

भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप A में मौजूद है।
मंगलवार, 25 नवंबर को ICC ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का शेड्यूल घोषित कर दिया। बता दें ये टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। वहीं इस बार टी20 विश्व कप के मुकाबले भारत और श्रीलंका के कुल 8 मैदानों पर खेले जाएंगे। वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करने वाले हैं।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीम हिस्सा लेंगी। इन सभी 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है, प्रत्येक ग्रुप में पांच टीम होंगी। प्रत्येक ग्रुप की पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में रहने वाली टीम सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करेंगी, जहां टीमों को फिर से 2 ग्रुप में बांटा जाएगा।
सुपर-8 चरण में आठ टीम दो ग्रुप में बंटी होंगी। इन ग्रुप में टॉप-2 में फिनिश करने वाली चार टीम सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारतीय टीम गत चैंपियन के रूप में इस टूर्नामेंट में खेलेगी, जिसकी कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। सूर्या तो भविष्यवाणी तक कर चुके हैं कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल खेला जा सकता है।
टीम इंडिया को ग्रुप A में रखा गया है, इस ग्रुप में उनके अलावा पाकिस्तान, USA, नीदरलैंड्स और नामीबिया हैं। इस ग्रुप से भारतीय टीम सुपर-8 में जाने की प्रबल दावेदार होगी। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप B, तो इंग्लैंड को ग्रुप C में रखा गया है। वहीं न्यूजीलैंड और 2024 का फाइनल भारत के हाथों हारने वाली दक्षिण अफ्रीका भी ग्रुप D में है।
15 फरवरी को होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को USA के साथ मैच से करेगी, जो मुंबई में खेला जाएगा। उसके बाद टीम इंडिया दिल्ली आ जाएगी, जहां उसे 12 फरवरी को नामीबिया के साथ मैच खेलना है।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच 15 फरवरी को श्रीलंका में खेला जाएगा। भारतीय टीम का आखिरी लीग मैच 18 फरवरी को होगा, जब उसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स से भिड़ना होगा।
ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का शेड्यूल-
- 1. भारत बनाम USA, वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई, 7 फरवरी
- 2. भारत बनाम नामीबिया, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली, 12 फरवरी
- 3. भारत बनाम पाकिस्तान, आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो, 15 फरवरी
- 4. भारत बनाम नीदरलैंड्स, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद, 18 फरवरी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मैच कब है?
भारत बनाम पाकिस्तान मैच 15 फरवरी को श्रीलंका में खेला जाएगा।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.