चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम इंडिया नहीं जाएगी पाकिस्तान, BCCI कर सकती है ICC से बड़ी मांग

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के वेन्यू में बदलाव को लेकर BCCI जल्द आईसीसी से बातचीत करेगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद आईसीसी का अगला बड़ा इवेंट चैंपियंस ट्रॉफी 2025 होने वाला है। पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाले इस मिनी वर्ल्ड कप की शुरुआत फरवरी में होगी। लेकिन इस समय जो सबसे बड़ा मुद्दा है वो ये है कि इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम, पाकिस्तान का दौरा करेगी या नहीं। इसी बीच टीम इंडिया के चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से बीसीसीआई का इनकार
भारतीय क्रिकेट टीम अगले साल की शुरुआत में पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार बीसीसीआई के सूत्रों ने आईसीसी को अपनी टीम पाकिस्तान भेजने से साफ इनकार कर दिया है और बोर्ड अब आईसीसी से श्रीलंका या यूएई में भारतीय टीम के मैच आयोजित करवाने की बात करेगा।
पिछले 17 साल से टीम इंडिया ने नहीं किया है पाकिस्तान का दौरा
भारतीय क्रिकेट टीम पिछले करीब 17 साल से पाकिस्तान के दौरे पर नहीं गई है। टीम इंडिया ने 2007-08 के बाद से अब तक पाकिस्तान में किसी भी द्वीपक्षीय सीरीज में हिस्सा नहीं लिया है। ये दोनों ही टीमें अंतिम बार 2012-13 में बाइलेट्रल सीरीज खेली थी, लेकिन वो आयोजन भारत में किया गया था। भारत और पाकिस्तान की टीमें इसके बाद से बड़े इवेंट में ही एक-दूसरे से टक्कर लेती हुई नजर आती है।
बीसीसीआई चाहता है टीम इंडिया खेले श्रीलंका या यूएई में अपने मैच
पिछले साल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेले गए एशिया कप के लिए भी बीसीसीआई ने टीम इंडिया को पाकिस्तान नहीं भेजा, जिसके बाद भारतीय टीम के सभी मैच हाईब्रिड मॉडल के तहत श्रीलंका में खेले गए थे। ऐसे में एक बार फिर से बीसीसीआई चाहता है कि कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी हाईब्रिड मॉडल तैयार करें और वो अपने मैच श्रीलंका या यूएई में खेले।
19 फरवरी से 9 मार्च तक पाकिस्तान की मेजबानी में होगी चैंपियंस ट्रॉफी
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन अगले साल 19 फरवरी से 9 मार्च तक पाकिस्तान में हो रहा है। पाकिस्तान को साल 1996 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद कोई बड़ी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते इस बार भले ही उन्हें टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है, लेकिन टीम इंडिया के वहां पर ना खेलने से उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table, on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.