आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप पांच भारतीय बल्लेबाज

विराट कोहली इस लिस्ट के टॉप पर मौजूद हैं।
आईपीएल (IPL) में भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से करोड़ों फैंस का दिल जीता है। इस टूर्नामेंट में शतक लगाना किसी भी खिलाड़ी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। हर सीजन इस लीग में कई बल्लेबाज शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हैं और दुनिया में अपना नाम रोशन करते हैं।
लेकिन जब हम आईपीएल के आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट देखते हैं, तो भारतीय खिलाड़ियों ने दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ रखा है। इसी कड़ी में आइए जानते हैं उन टॉप 5 भारतीय बल्लेबाजों के बारे में, जिन्होंने आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं।
ये हैं आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले पांच भारतीय बल्लेबाज
5. साईं सुदर्शन – 3 शतक

गुजरात टाइटंस के स्टार बल्लेबाज साईं सुदर्शन अब तक सिर्फ 53 आईपीएल मैचों में ही 3 शतक लगा चुके हैं। उन्होंने अपना पहला शतक (51 गेंदों पर 103 रन) 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगाया था। इसके बाद उनका दूसरा शतक 2025 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आया, जब उन्होंने 61 गेंदों पर 108 रन बनाए थे।
सुदर्शन ने अपना तीसरा शतक आईपीएल 2026 में लगाया। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 51 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली और आईपीएल इतिहास में तीन लगातार सीजन शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
4. शुभमन गिल – 4 शतक

शुभमन गिल ने अब तक 130 आईपीएल मैचों में कुल 4 शतक लगाए हैं। उन्होंने अपना पहला शतक 2023 के सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगाया था, जिसमें उन्होंने 101 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनका दूसरा शतक भी 2023 के सीजन में ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ (104 रन) आया था।
उसी साल 2023 में प्लेऑफ के दौरान मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने अपना तीसरा शतक जड़ा, जिसमें उन्होंने 129 रन बनाए। इसके बाद 2024 के सीजन में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 104 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपना चौथा शतक पूरा किया ।
3. संजू सैमसन – 5 शतक

संजू सैमसन ने 190 आईपीएल मैचों में अब तक कुल 5 शतक लगाए हैं। उनका पहला शतक 2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेलते हुए राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ आया था, जिसमें उन्होंने 102 रन बनाए थे।
इसके बाद उन्होंने 2019 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 102 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपना दूसरा शतक जड़ा। उनका तीसरा शतक 2021 में पंजाब किंग्स के खिलाफ आया था, जहाँ उन्होंने 119 रनों की शानदार पारी खेली थी।
हाल ही में आईपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में सैमसन पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ (115* रन) अपने आईपीएल करियर का चौथा शतक लगाया। फिर इसी सीजन उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 101* रनों की नाबाद पारी खेली, जो उनका पांचवां शतक रहा।
2. केएल राहुल – 6 शतक

केएल राहुल 158 आईपीएल मैचों में अब तक कुल 6 शतक लगा चुके हैं। उन्होंने अपना पहला शतक 2019 में पंजाब के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 100* रनों की पारी खेली थी। इसके बाद 2020 में उन्होंने RCB के खिलाफ 132* रन बनाकर अपना दूसरा शतक जड़ा।
लोकेश राहुल ने साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो अलग-अलग मैचों में शतक (103* और 103 रन) बनाए।
इसके बाद 2025 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 112 रन बनाए। फिर आईपीएल 2026 में उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने करियर का छठा और सर्वश्रेष्ठ शतक 152* जड़कर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया।
1. विराट कोहली – 9 शतक

विराट कोहली को आईपीएल में शतकों का बादशाह कहा जाता है। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए अब तक 280 मैचों में कुल 9 शतक जड़े हैं। उनके लिए साल 2016 सबसे यादगार रहा, जब उन्होंने एक ही सीजन में 4 शतक लगाए थे।
कोहली ने अपना पहला शतक गुजरात लायंस के खिलाफ 100* रन बनाकर जड़ा, इसके बाद उसी टीम के खिलाफ दूसरी भिड़ंत में 109 रन बनाए। इसी सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ नाबाद 108 और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 113 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली।
इसके बाद 2019 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 100 रन, 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 100 रन और गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए। उनका आठवां शतक 2024 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आया, जहाँ उन्होंने नाबाद 113 रन बनाए। इसके बाद उनका 9वां शतक आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ (60 गेंदों में 105* रन) आया।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.