एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का हुआ ऐलान, नवीन कुमार और सुरजीत सिंह बाहर
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।
एशियन गेम्स 2026 में कबड्डी के मुकाबले 21 से 26 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे। इसीलिए इस इवेंट को लेकर तैयारियां भी तेज हो गई हैं। भारत ने भी इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अपनी 12 सदस्यीय पुरुष कबड्डी टीम चुन ली है। इस इवेंट में उनकी कोशिश एशियन गेम्स में अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखने की होगी।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का दबदबा एशियन गेम्स में लंबे समय से रहा है। 2018 में ईरान के हाथों गोल्ड मेडल गंवाने के अलावा भारत ने लगभग हर संस्करण में पुरुष कबड्डी का गोल्ड जीता है। 2022 के एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम चैंपियन बनी थी और अब 2026 में उसके सामने एक बार फिर खिताब बचाने की चुनौती होगी।
इस इवेंट के लिए सेलेक्शन से पहले भारतीय खिलाड़ियों के कई कोचिंग कैंप लगाए गए, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट ने उपलब्ध खिलाड़ियों में से उन 12 नामों पर मुहर लगाई, जिसमें चार रेडर, छह डिफेंडर और दो ऑलराउंडर शामिल हैं।
इस टीम में कुछ अनुभवी नामों के साथ ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्होंने पिछले कुछ सालों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है।
नवीन कुमार और सुरजीत सिंह जैसे बड़े नाम टीम से बाहर
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
12 सदस्यीय भारतीय टीम में कुछ चर्चित खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। नवीन कुमार, आदित्य शिंदे, सुरजीत सिंह, शुभम शिंदे, योगेश दहिया और प्रवेश भैंसवाल उन प्रमुख नामों में शामिल हैं, जो एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
हालांकि, चयनकर्ताओं के लिए 12 खिलाड़ियों की टीम तैयार करना आसान नहीं था, क्योंकि उनके सामने कई अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से संतुलित कॉम्बिनेशन चुनने की चुनौती थी। अब चुने गए खिलाड़ियों पर भारत को एशियन गेम्स में एक बार फिर गोल्ड मेडल दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत की पुरुष कबड्डी टीम
रेडर्स: आशु मलिक, अयान लोहचब, देवांक दलाल, अर्जुन देशवाल।
डिफेंडर्स: सुनील कुमार, जयदीप दहिया, राहुल सेठपाल, गौरव खत्री, सुमित सांगवान, अंकित जगलान।
ऑलराउंडर्स: पवन सेहरावत, असलम इनामदार।
पवन सेहरावत समेत इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम में पवन सेहरावत का शामिल होना खास है। अनुभवी ऑलराउंडर भारतीय कबड्डी के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं और बड़े मंच पर उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। उनके साथ असलम इनामदार टीम को ऑलराउंड क्षमता प्रदान करेंगे।
रेडिंग विभाग में आशु मलिक, अयान लोचब, देवांक दलाल और अर्जुन देशवाल के पास जिम्मेदारी होगी, जबकि डिफेंस में सुनील कुमार, जयदीप दहिया, राहुल सेठपाल, गौरव खत्री, सुमित सांगवान और अंकित जगलान मोर्चा संभालेंगे। इन बेहतरीन खिलाड़ियों से भारतीय फैंस को एक बार फिर गोल्ड की उम्मीद होगी।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
