आईपीएल 2026 के सभी शतकवीरों की लिस्ट

संजू सैमसन ने आईपीएल 2026 का पहला शतक जड़ा।
आईपीएल 2026 का बिगुल बजते ही मैदानों पर रनों का ऐसा सैलाब आया है कि रिकॉर्ड्स के पन्ने पलटने शुरू हो गए हैं। हर साल की तरह इस बार भी दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में बल्लेबाजों का खौफ साफ नजर आ रहा है, जहां गेंदबाजों की एक छोटी सी गलती गेंद को सीधा सीमा रेखा के पार पहुंचा रही है। टूर्नामेंट के शुरुआती हफ्तों में ही खिलाड़ियों ने जिस तरह का जज्बा दिखाया है। उसने क्रिकेट पंडितों को भी हैरान कर दिया है।
पिच चाहे चेपॉक की स्पिन मददगार हो या वानखेड़े की तेज आउटफील्ड वाली, बल्लेबाजों ने अपनी तकनीक और ताकत के दम पर इस सीजन को यादगार बना दिया है। वहीं कुछ महारथी ऐसे भी हैं, जिन्होंने शतकीय पारी खेलकर न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि इस सीजन की ‘सेंचुरी लिस्ट’ में अपना नाम भी दर्ज करा लिया है।
इन खिलाड़ियों ने आईपीएल 2026 में अब तक लगाया है शतक-
संजू सैमसन (2 शतक) – 115 रन और 101 रन

आईपीएल 2026 का पहला शतक लगाने का गौरव चेन्नई सुपर किंग्स के संजू सैमसन ने हासिल किया। 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सैमसन ने मात्र 56 गेंदों में 15 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 115 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसने चेन्नई को सीजन की पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इसके बाद संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 54 गेंद पर 101 रनों की नाबाद पारी खेली, जो आईपीएल 2026 में उनका दूसरा शतक रहा। उनकी इस पारी के चलते सीएसके ने 207 रन बनाए और 103 रनों से बड़ी जीत हासिल की।
क्विंटन डी कॉक – 112 रन

सूची में दूसरा नाम मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक का है। 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में, इस सीजन के अपने पहले ही मैच में डी कॉक का बल्ला जमकर बोला। अनुभवी रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में जिम्मेदारी संभालते हुए डी कॉक ने महज 60 गेंदों पर नाबाद 112 रनों की तूफानी पारी खेली।
उनकी इस पारी में वही पुराना वाला अंदाज नजर आया, जहां उन्होंने पंजाब के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ कर रख दी। हालांकि, क्रिकेट के इस अनिश्चितताओं वाले खेल में डी कॉक का यह शानदार शतक भी मुंबई इंडियंस को जीत की दहलीज पार नहीं करा सका। पंजाब के बल्लेबाजों ने शानदार पलटवार करते हुए इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
जिस तरह से टूर्नामेंट आगे बढ़ रहा है, बहुत से धुरंधर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। उसे देखते हुए यह तय है कि शतकवीरों की यह सूची अभी और भी लंबी और रोमांचक होने वाली है।
तिलक वर्मा – 101 रन

तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक जादुई पारी खेली और आईपीएल 2026 में शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। बता दें, इस मैच से पहले उन पर काफी दबाव था, लेकिन उन्होंने अहम मौके पर शानदार प्रदर्शन कर सभी आलोचकों को करारा जबाव दिया। वर्मा ने 45 गेंदों में शतक जड़ा और नाबाद 101 रन बनाकर पारी समाप्त की।
अभिषेक शर्मा – 135 रन

21 अप्रैल, मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मैच में अभिषेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। SRH को इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया गया, जिसके बाद बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
10 चौकों और 10 छक्कों की मदद से अभिषेक ने मात्र 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए और अपने इस शानदार शतक की बदौलत उन्होंने हैदराबाद का स्कोर 242/2 तक पहुंचाया। इसी के साथ वह आईपीएल 2026 में शतक बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए।
साईं सुदर्शन – 100 रन

गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन ने 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 58 गेंदों पर 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए।
हालांकि, 206 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 7 गेंदें शेष रहते हुए जीत हासिल कर ली, जिसके चलते साईं सुदर्शन का आईपीएल में तीसरा शतक बेकार चला गया।
केएल राहुल – 152* रन

दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने 25 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 67 गेंदों पर 16 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 152* रनों की नाबाद पारी खेली, जो आईपीएल इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी रही।
इस मुकाबले में मेजबान दिल्ली कैपिटल्स ने 2 विकेट खोकर 264 रन बनाए, फिर भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पंजाब किंग्स ने 7 गेंदे शेष रहते हुए मात्र चार विकेट खोकर 265 रनों का ऐतिहासिक लक्ष्य हासिल कर लिया, जो आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज है। हालांकि, केएल राहुल को उनकी ऐतिहासिक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वैभव सूर्यवंशी – 103 रन

राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 25 अप्रैल को जयपुर में खेले गए मुकाबले में मात्र 36 गेंद पर शतक लगाते हुए 37 गेंदों पर 5 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 103 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 228 रन बनाए और हैदराबाद के सामने 229 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।
रयान रिकल्टन – 123 रन

क्विंटन डी कॉक और तिलक वर्मा के बाद रयान रिकल्टन आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए शतक बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रिकल्टन ने 29 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में शतक जड़ा।
बता दें, सिर्फ 44 गेंदों में शतक बनाकर रिकल्टन मुंबई के लिए सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसी के साथ उन्होंने सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड (आईपीएल 2008 में 45 गेंदें) तोड़ दिया। इस मैच में उन्होंने 55 गेंदों में 123 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और आठ छक्के शामिल थे।
कूपर कोनोली – 107 रन

कूपर कोनोली ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। इस सीजन के 49वें मैच में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक जबरदस्त पारी खेलते हुए शतक जड़ा। कोनोली की इस शानदार पारी के बावजूद पंजाब को हार हाथ लगी।
बता दें, हैदराबाद के खिलाफ 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने शुरुआत में ही अपने प्रमुख बल्लेबाजों को सस्ते में खो दिया। हालांकि, कोनोली अंत तक नाबाद रहे और 59 गेंदों में 7 चौकों और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 107 रन बनाए।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
Pooja Singh is a passionate cricket enthusiast who has followed the game since childhood, with her interest deepening from 2011 onwards. She closely tracks international cricket and the IPL, sharing insights, updates, and opinions on matches and player performances while bringing fans closer to the game.