Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

आईपीएल के टॉप 10 मुकाबले जिनमें लगे हैं सबसे ज्यादा छक्के

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :April 22, 2024 at 12:54 PM
Modified at :April 22, 2024 at 12:56 PM
आईपीएल के टॉप 10 मुकाबले जिनमें लगे हैं सबसे ज्यादा छक्के

इन मुकाबलों में बल्लेबाजों ने गेंदबाजों का बहुत बुरा हाल किया।

आईपीएल के 17वें सीजन (IPL 2024) में हर रोज एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। अब तक खेले गए 36 मुकाबलों में 16 बार 200 से अधिक के स्कोर बन चुके हैं, जबकि लगभग 700 छक्के लगाए चुके हैं। इतना ही नहीं, इस सीजन आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टारगेट भी चेज हुआ है। इस ट्रेंड सेटर सीजन में आईपीएल इतिहास के टॉप 4 सबसे बड़े स्कोर भी बने हैं और एक मैच में सबसे अधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी बना है।

आईपीएल 2024 में हैदराबाद में खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस और बेंगलुरु में खेले गए सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बना था। दोनों ही मुकाबलों में 38-38 छक्के लगे थे। इसी के चलते लगभग 6 सालों पुराना रिकॉर्ड भी टूटा था। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, आईपीएल इतिहास में अब तक 11 मुकाबले ऐसे हुए हैं, जिसमें 30 या उससे ज्यादा छक्के लगे हैं। बहरहाल, यहां हम आपको आईपीएल (IPL) इतिहास के उन 10 मुकाबलों की जानकारी देने जा रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा छक्के लगे हैं।

इन आईपीएल मुकाबले में लगे हैं सबसे ज्यादा छक्के:

10. मुंबई इंडियंस vs चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली, 2021 – 30 छक्के:

आईपीएल 2021 में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच दिल्ली में खेले गए मुकाबले में 30 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 218/4 का स्कोर बनाया था। इस दौरान सीएसके ने कुल 16 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी मुंबई इंडियंस ने 219/6 का स्कोर बनाकर टारगेट चेज किया था, जिसमें उन्होंने कुल 14 छक्के लगाए थे।

नोट: आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कोलकाता के इडेन गार्डन्स में खेले गए एक मुकाबले में भी कुल 30 छक्के लगे थे। उस मुकाबले में सीएसके ने 235/4 के स्कोर के दौरान 18 छक्के और जवाब में उतरी केकेआर ने 186/8 के स्कोर के दौरान 12 छक्के लगाए थे।

9. चेन्नई सुपर किंग्स vs राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई, 2009 – 30 छक्के:

आईपीएल 2009 में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चेन्नई में खेले गए मुकाबले में 30 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 246/5 का स्कोर बनाया था। इस दौरान सीएसके ने कुल 17 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 223/5 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने कुल 13 छक्के लगाए थे।

8. दिल्ली कैपिटल्स vs सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली, 2024 – 31 छक्के:

इसी सीजन यानी आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कोलकाता में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से 31 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 266/7 का स्कोर बनाया था, जो आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस दौरान एसआरएच ने कुल 22 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी दिल्ली कैपिटल्स 199 के स्कोर पर आलआउट हो गई थी, जिसमें उन्होंने कुल 9 छक्के लगाए थे।

7. किंग्स इलेवन पंजाब vs कोलकाता नाइट राइडर्स, इंदौर, 2018 – 31 छक्के:

आईपीएल 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच इंदौर में खेले गए रोमांचक मुकाबले में 31 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245/6 का स्कोर बनाया था। इस दौरान केकेआर ने कुल 15 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी किंग्स इलेवन पंजाब ने 214/8 का स्कोर बनाया था, जिसमें उन्होंने कुल 16 छक्के लगाए थे।

6. दिल्ली डेयरडेविल्स vs गुजरात लायंस, दिल्ली, 2017 – 31 छक्के:

आईपीएल 2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) और गुजरात लायंस के बीच दिल्ली के अरुण जेटली में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से 31 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में गुजरात लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208/7 का स्कोर बनाया था। इस दौरान गुजरात लायंस ने कुल 11 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी दिल्ली डेयरडेविल्स ने 214/3 का स्कोर बनाकर टारगेट चेज किया था, जिसमें उन्होंने कुल 20 छक्के लगाए थे।

5. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs चेन्नई सुपर किंग्स, बेंगलुरु, 2023 – 33 छक्के:

आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बेंगलुरु में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 33 छक्के लगाए थे। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225/6 का स्कोर बनाया था। इस दौरान सीएसके ने कुल 17 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी सीएसके ने 218/8 का स्कोर ही बना सकी थी, जिसमें उन्होंने कुल 16 छक्के लगाए थे।

4. राजस्थान रॉयल्स vs चेन्नई सुपर किंग्स, शारजाह, 2020 – 33 छक्के:

आईपीएल 2020 का सीजन कोविड-19 के चलते यूएई में खेला गया था। उस सीजन राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच शारजाह में खेले गए मुकाबले में 33 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216/7 का स्कोर बनाया था। इस दौरान उन्होंने कुल 17 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी सीएसके ने 200/6 का स्कोर ही बना सकी थी, जिसमें उन्होंने कुल 17 छक्के लगाए थे।

3. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs चेन्नई सुपर किंग्स, बेंगलुरु, 2018 – 33 छक्के:

आईपीएल 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दो सालों के प्रतिबंध के बाद उसी सीजन वापसी कर रही चेन्नई सुपर किंग्स के बीच बेंगलुरु में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 33 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205/8 का स्कोर बनाया था। इस दौरान आरसीबी ने कुल 16 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी सीएसके ने 207/5 का स्कोर बनाकर टारगेट चेज किया था, जिसमें उन्होंने कुल 17 छक्के लगाए थे।

2. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs सनराइजर्स हैदराबाद, बेंगलुरु, 2024 – 38 छक्के

आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 38 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 287/3 बनाया था। इस दौरान उन्होंने कुल 22 छक्के लगाए थे। यह किसी आईपीएल मैच की एक पारी में लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे अधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी है। 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 262/7 का स्कोर बनाया था, जो आईपीएल इतिहास में रन चेज के दौरान सबसे बड़ा स्कोर है। इस दौरान आरसीबी ने कुल 16 छक्के लगाए थे।

1. सनराइजर्स हैदराबाद vs मुंबई इंडियंस, हैदराबाद, 2024 – 38 छक्के:

आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच हैदराबाद में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 38 छक्के लगे थे। इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 277/3 का स्कोर बनाया था, जो उस समय आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर था। इस दौरान उन्होंने कुल 18 छक्के लगाए थे। जवाब में उतरी मुंबई इंडियंस ने 246/5 का स्कोर बनाया था, जिसमें उन्होंने कुल 20 छक्के लगाए थे।

For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table,  on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.