जानिए वनडे वर्ल्ड कप 2027 का नया फॉर्मेट, कुछ इस तरह खेला जाएगा पूरा टूर्नामेंट
वनडे वर्ल्ड कप में पहली बार सुपर 7 स्टेज जोड़ा गया है।
आईसीसी ने 01 अक्टूबर (गुरुवार) को वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इस संस्करण में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और फॉर्मेट भी पहले के मुकाबले काफी अलग होगा। इस बार टूर्नामेंट में सिर्फ टीमों की संख्या ही नहीं, बल्कि अगले स्टेज में पहुंचने का तरीका भी बदला गया है।
बता दें कि, आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप के 14वें संस्करण की शुरुआत 02 अक्टूबर 2027 से होगी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा। चूंकि पहली बार टूर्नामेंट में नए स्टेज भी जोड़े गए हैं, ऐसे में वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट क्या होगा, इसे समझना जरूरी है। नीचे हम आपको उसी की जानकारी देने जा रहे हैं।
सुपर सीरीज से होगी टूर्नामेंट की शुरुआत
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
इस बार टूर्नामेंट की शुरुआत सुपर सीरीज से होगी। इस स्टेज में आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर टूर्नामेंट में दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली तीन टीमें हिस्सा लेंगी। तीनों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी और इनमें से टॉप पर रहने वाली टीम ग्रुप स्टेज में जगह बनाएगी।
वहीं, क्वालिफायर टूर्नामेंट में पहले स्थान पर रहने वाली टीम सीधे ग्रुप स्टेज के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। सुपर सीरीज के तीनों मुकाबले 2, 4 और 6 अक्टूबर 2027 को नामीबिया के विंडहोक में खेले जाएंगे।
12 टीमों के बीच होगा ग्रुप स्टेज
ग्रुप स्टेज की शुरुआत 12 टीमों के साथ होगी, जिसमें छह-छह टीमों को दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी।
इस स्टेज के बाद दोनों ग्रुप की टॉप तीन-तीन टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी। इसके अलावा दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर अंक वाली टीम भी अगले चरण में जगह बनाएगी। अंक बराबर होने की स्थिति में बेहतर नेट रन रेट वाली टीम को प्राथमिकता मिलेगी। इस तरह कुल सात टीमें सुपर 7 में पहुंचेंगी।
सुपर 7 में सात टीमों के बीच होगी भिड़ंत, टॉप 4 टीमें खेलेंगी सेमीफाइनल
सुपर 7 में सातों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी। यानी हर टीम को 6 मैच खेलने होंगे और इस चरण में कुल 21 मुकाबले खेले जाएंगे। बता दें, ग्रुप स्टेज के अंक सुपर 7 में नहीं जोड़े जाएंगे।
सुपर 7 के बाद पॉइंट्स टेबल में टॉप 4 में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इस नॉकआउट राउंड में पहले स्थान वाली टीम का सामना चौथे स्थान वाली टीम से होगा, जबकि दूसरे स्थान वाली टीम तीसरे स्थान वाली टीम के खिलाफ खेलेगी।
सेमीफाइनल के बाद होगा फाइनल
दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
