PKL 12: अनूप कुमार ने अयान के प्रदर्शन पर उठाए सवाल, डिफेंस को भी लगाई लताड़
तीन बार की चैंपियन टीम लीड लेने के बावजूद आखिर में हार गई।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) के 7वें मुकाबले में यूपी योद्धाज ने तीन बार की चैंपियन टीम पटना पाइरेट्स को 34-31 के अंतर से हरा दिया। मैच में एक समय पटना की टीम आगे थी लेकिन आखिरी 10 मिनट में यूपी योद्धाज ने बेहतरीन कमबैक किय़ा और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह पटना ने जीता हुआ मुकाबला गंवा दिया।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
अंकित जगलान पर अनूप कुमार ने उठाए सवाल
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पटना पाइरेट्स के हेड कोच अनूप कुमार से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने डिफेंस पर सवाल उठाए। अनूप कुमार ने कप्तान अंकित जगलान के खराब परफॉर्मेंस को हार के लिए जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा “डिफेंस में हमसे थोड़ी गलतियां हुई हैं। अंकित से भी थोड़ी गलती हुई। हालांकि, यह पहला ही मैच था और इस तरह की चीजें होती रहती हैं। बाकी टीम के प्रदर्शन से मैं खुश हूं। ओवरऑल हमने अच्छा मैच खेला।
कोच अनूप कुमार ने अयान के परफॉर्मेंस पर जताई निराशा
पटना पाइरेट्स के युवा रेडर अयान ने इस मुकाबले में 9 रेड पॉइंट लिए। हालांकि, कोच अनूप कुमार उनके परफॉर्मेंस से उतने खुश नहीं हैं। उनके मुताबिक अयान इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे और उन्हें कम से कम 15 पॉइंट लाने की जरूरत है।
कोच ने कहा “मैं अयान की परफॉर्मेंस से खुश नहीं हूं। जिस हिसाब से उनका फिटनेस है और वो जिस तरह के रेडर हैं। मैं चाहता हूं कि वो हर मैच में कम से कम 15 पॉइंट्स जरूर लाएं। आज जब टीम को जरूरत थी तो वो टैकल हो गए। उस पर काम करने की जरूरत है।“
डिफेंस में मेरी गलती की वजह से टीम को मिली हार – अंकित
वहीं पटना पाइरेट्स के कप्तान अंकित जगलान ने हार की जिम्मेदारी खुद ली है। उनका मानना है कि अगर वो डिफेंस में अहम मौके पर गलती ना करते तो उनकी टीम मुकाबला जीत जाती। अंकित ने कहा “डिफेंस में मुझसे थोड़ी बहुत गलती हुई है। अगर मैं गलती ना करता तो हम मैच ना हारते।“
उपेंद्र मलिक ने यूपी योद्धाज की रणनीति का किया खुलासा
यूपी योद्धाज के असिस्टेंट कोच उपेंद्र मलिक ने अपनी टीम की जीत को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि जब यूपी की टीम मैच में पीछे चल रही थी तो फिर उन्होंने क्या रणनीति अपनाई।
उन्होंने कहा “पटना के पास 5-6 पॉइंट्स की लीड थी। हमारा प्लान यही था कि एक बार उनकी टीम को ऑल आउट दे दिया जाए तो हम वापसी कर सकते हैं। दोनों ही टीमें ज्यादातर 5-5 प्लेयर्स के साथ खेल रही थीं और डू और डाई रेड ज्यादा हो रहे थे। हमारे लिए डू और डाई रेड में शिवम और भवानी राजपूत काफी अच्छे हैं तो हमने उनका यूज किया। हमने गगन गौड़ा को थोड़ा रेस्ट दिय़ा और वो प्रेशर ज्यादा लेते नहीं हैं।“
टीम के रेडर्स और डिफेंडर्स को लेकर सुमित सांगवान ने कही बड़ी बात
यूपी योद्धाज के कप्तान सुमित सांगवान ने अपनी टीम के रेडर्स और डिफेंडर्स की काफी तारीफ की। उन्होंने कहा “हमारी टीम का डिफेंस काफी शानदार है। कवर और कॉर्नर दोनों ही अच्छे हैं। शिवम ने आज काफी बेहतरीन खेल दिखाया। वो लगातार स्कोर करते रहे और इसी वजह से हम मैच में बने रहे।“
PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कौन है?
पुनेरी पलटन PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है।
PKL 12 के चौथे दिन किन टीमों ने जीत हासिल की?
PKL 12 के चौथे दिन पुनेरी पलटन और यूपी योद्धा ने जीत हासिल की।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
