PKL 11: बंगाल वारियर्स vs गुजरात जायंट्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें
दोनों ही टीमों के लिए यह करो या मरो वाला मैच है।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 80वां मैच बंगाल वारियर्स और गुजरात जायंट्स के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन इस सीजन उतना अच्छा नहीं रहा है और इनके ऊपर प्लेऑफ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। हालांकि इस सीजन गुजरात की टीम एक बार बंगाल को हरा चुकी है। ऐसे में फजल अत्राचली की टीम उस हार का बदला जरुर लेना चाहेगी।
बंगाल वारियर्स का परफॉर्मेंस इस सीजन अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा है। टीम ने कुल मिलाकर 12 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 3 मैच में जीत मिली है और 7 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि दो मैच टाई रहा है। अंक तालिका में बंगाल की टीम 10वें पायदान पर है। वहीं गुजरात जायंट्स ने भी पीकेएल के 11वें सीजन में अभी तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें सिर्फ 3 ही मैचों में जीत मिली है और 8 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। जबकि एक मैच टीम का टाई रहा है। अंक तालिका में गुजरात की टीम 11वें पायदान पर है।
आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
PKL 11: बंगाल वारियर्स का स्क्वाड
बंगाल वारियर्स के लिए यह सीजन बिल्कुल भी अच्छा नहीं गया है। टीम के ना तो रेडर्स चल पा रहे हैं और ना ही डिफेंडर्स कोई कमाल कर पा रहे हैं। रेडिंग में सिर्फ अकेले नितिन धनकड़ ही चले हैं लेकिन उन्हें मनिंदर सिंह का साथ नहीं मिला है। मनिंदर सिंह इस सीजन बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं और इसी वजह से उन्हें अब प्लेइंग सेवन से भी बाहर बैठा दिया गया है। जबकि कप्तान फजल अत्राचली भी कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं। इसी वजह से बंगाल को लगातार हार का सामना करना पड़ा है और टीम के प्लेऑफ में जाने के चांस कम ही हैं।
बंगाल वारियर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
मनिंदर सिंह (रेडर), प्रणय राणे (रेडर), नितिन धनकड़ (रेडर), वैभव गरजे (राइट कवर), मंजीत (लेफ्ट कवर), हेम राज (राइट कॉर्नर) और फजल अत्राचली (लेफ्ट कॉर्नर)।
PKL 11: गुजरात जायंट्स का स्क्वाड
गुजरात जायंट्स की टीम ने अपने पिछले मैच में तेलुगु टाइटंस के खिलाफ करीबी जीत हासिल की थी। इस मैच में प्रतीक दहिया ने शानदार खेल दिखाया था और डिफेंडर्स का भी बढ़िया योगदान रहा था। गुजरात जायंट्स की टीम चाहेगी कि अपने इस विनिंग मोमेंटम को बरकरार रखा जाए। क्योंकि अगर टीम को प्लेऑफ में जाना है तो अपने बचे हुए मैचों में हर-हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अगर वो अपने बचे हुए सारे मैच जीत जाते हैं तो फिर टीम के प्लेऑफ में जाने के चांस बन जाएंगे।
गुजरात जायंट्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
प्रतीक दहिया (रेडर), राकेश एचएस (रेडर), गुमान सिंह (रेडर), जितेंद्र यादव (लेफ्ट कॉर्नर), डी बालाजी (लेफ्ट कवर), मोहित (राइट कवर) और सोमबीर (राइट कॉर्नर)।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
बंगाल वारियर्स की टीम मनिंदर सिंह, नितिन कुमार और फजल अत्राचली जैसे खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। जबकि गुजरात जायंट्स की निगाह किसी एक खिलाड़ी पर नहीं रहने वाली है। उन्हें हर एक प्लेयर से बेहतर परफॉर्मेंस की जरूरत है। जिस तरह का खेल गुमान सिंह और प्रतीक दहिया पिछले दो मैच से दिखा रहे हैं, उसे देखते हुए इनसे काफी ज्यादा उम्मीद बढ़ गई है।
सफलता का मंत्र
गुजरात जायंट्स की जीत के लिए जरूरी है कि उनके रेडर्स और डिफेंडर्स दोनों मिलकर जबरदस्त प्रदर्शन करें। रेडर्स के पॉइंट्स लाने के अलावा उनके डिफेंडर्स को भी अहम काम करना होगा। उन्हें इस मैच में नितिन धनकड़ को रोकना होगा। अगर टीम ने नितिन को ज्यादा पॉइंट नहीं दिए तो फिर जीतने के चांस बन सकते हैं। बंगाल वारियर्स की जीत के लिए जरुरी है कि उनका डिफेंस अच्छा प्रदर्शन करे और रेडिंग में नितिन धनकड़ को पूरा सपोर्ट मिले। हालांकि मनिंदर सिंह को पिछले कुछ मैचों से खिलाया ही नहीं जा रहा है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि वो इस मैच में खेलते हैं या नहीं।
BEN vs GUJ के बीच हेड टू हेड आंकड़े
गुजरात जायंट्स और बंगाल वारियर्स के बीच हेड टू हेड मुकाबलों में गुजरात की टीम भारी रही है। दोनों ही टीमों ने आपस में अभी तक कुल मिलाकर 12 मैच खेले हैं, इसमें से 6 मैच में गुजरात जायंट्स को जीत मिली है और 4 मैच बंगाल वारियर्स ने भी अपने नाम किए हैं। वहीं दो मुकाबला अभी तक दोनों टीमों के बीच टाई रहा है। इस सीजन भी गुजरात की टीम एक बार बंगाल वारियर्स को हरा चुकी है।
मैच– 12
बंगाल वारियर्स ने जीता – 4
गुजरात जायंट्स ने जीता – 6
टाई – 2
हाईएस्ट स्कोर – 46 – 51
न्यूनतम स्कोर – 17 – 25
क्या आप जानते हैं?
बंगाल वारियर्स के मनिंदर सिंह पीकेएल इतिहास के दूसरे सफल रेडर हैं। उन्होंने पीकेएल में 1400 से ज्यादा रेड प्वॉइंट लिए हैं। उनके अलावा सिर्फ परदीप नरवाल ने ही ये कारनामा किया है
बंगाल वारियर्स और गुजरात जायंट्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
