Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 11: बेंगलुरू बुल्स vs हरियाणा स्टीलर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :November 20, 2024 at 8:32 PM
Modified at :November 20, 2024 at 8:32 PM
PKL 11: बेंगलुरू बुल्स vs हरियाणा स्टीलर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग 7, हेड टू हेड और कहां देखें

परदीप नरवाल की टीम लगातार पांच मैच हार चुकी है।

प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) का 68वां मैच गुरुवार 21 नवंबर को बेंगलुरू बुल्स और हरियाणा स्टीलर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों की कहानी इस सीजन काफी अलग रही है। हरियाणा स्टीलर्स की टीम अंक तालिका में टॉप पर मौजूद है, जबकि बेंगलुरू बुल्स की टीम सबसे निचले पायदान पर है।

हरियाणा स्टीलर्स ने इस सीजन अभी तक 11 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 8 मैचों में जीत मिली है और 3 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। पिछले मैच में तेलुगु टाइटंस के खिलाफ मिली करारी हार के बाद वो इस मैच में जरूर कमबैक करना चाहेंगे। वहीं दूसरी तरफ वहीं बेंगलुरू बुल्स की टीम लगातार मुकाबले हारकर निचले पायदान पर है।

टीम ने इस सीजन अभी तक 12 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें मात्र दो ही मैच में जीत मिली है और बाकी 10 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम अंक तालिका में 11वें पायदान पर है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और किन-किन खिलाड़ियों पर निगाहें रहने वाली हैं।

PKL 11: बेंगलुरू बुल्स का स्क्वाड

परदीप नरवाल की अगुवाई वाली बेंगलुरू बुल्स कीटीम इस सीजन काफी खराब खेल दिखा रही है। परदीप नरवाल का जादू बिल्कुल भी नहीं चल पा रहा है। टीम लगातार मुकाबले हार रही है। पिछले सीजन ऐसा था कि बेंगलुरू बुल्स की टीम आखिरी 10-15 मिनट में कमबैक करते हुए मुकाबला जीत लेती थी लेकिन इस सीजन उल्टा है।

इस सीजन बुल्स की टीम आखिरी 10-15 मिनट में आकर मैच हार जाती है। टीम के ना तो रेडर्स चल पा रहे हैं और ना ही डिफेंडर्स कोई कमाल दिखा पा रहे हैं। पिछले मैच में टीम ने 6 सुपर टैकल किए थे लेकिन रेडर्स बुरी तरह फ्लॉप रहे थे।

बेंगलुरू बुल्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

परदीप नरवाल (रेडर), जय भगवान (रेडर), अजिंक्य पंवार (रेडर), सनी (राइट कवर), सौरभ नांदल (राइट कॉर्नर), अरुलनांथाबाबू (लेफ्ट कवर) और नितिन रावल (ऑलराउंडर)।

PKL 11: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड

हरियाणा स्टीलर्स वैसे तो इस सीजन काफी जबरदस्त खेल दिखा रही है। टीम अंक तालिका में लगातार टॉप पर चल रही है। हालांकि पिछले मैच में तेलुगु टाइटंस के खिलाफ जिस तरह से टीम को हार मिली थी, उससे वो जरूर चौक गए होंगे। किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि टाइटंस की टीम इस तरह हरियाणा स्टीलर्स को हरा देगी।

हरियाणा के लिए यह हार एक वरदान भी साबित हो सकती है। इससे अब वो काफी संभल जाएंगे। जब किसी टीम को अचानक हार मिलती है तो उसके पांव जमीन पर आ जाते हैं। इसी वजह से यह हार मिलना हरियाणा को एक हिसाब से जरूरी भी था।

हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:

विशाल टाटे (रेडर), विनय (रेडर), शिवम पटारे (रेडर), संजय (राइट कवर), जयदीप दहिया (लेफ्ट कवर), राहुल सेतपाल (राइट कॉर्नर), मोहम्मदरेजा शादलू (लेफ्ट कॉर्नर)।

इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें

बेंगलुरू बुल्स की निगाहें नितिन रावल, परदीप नरवाल और अजिंक्य पवार जैसे खिलाड़ियों पर होंगी। इसके अलावा सौरभ नांदल भी डिफेंस में कमाल कर सकते हैं। जबकि हरियाणा स्टीलर्स की टीम शिवम पटारे, विशाल टाटे, मोहम्मदरेजा शादलू और राहुल सेतपाल जैसे खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। खासकर शादलू से हर मैच में काफी ज्यादा उम्मीद रहती है।

सफलता का मंत्र

बेंगलुूरू बुल्स की जीत के लिए जरूरी है कि पूरी टीम एकजुट होकर खेले। रेडर्स और डिफेंडर्स को एकसाथ चलना होगा। खासकर जिस तरह का डिफेंस हरियाणा स्टीलर्स का है, उसे देखते हुए इस मैच में रेडर्स का चलना बेहद जरूरी होगा। वहीं हरियाणा स्टीलर्स को चाहिए कि इस मैच में वो बुल्स के रेडर्स के ऊपर दबाव बनाएं। इससे टीम पूरी तरह से बिखर जाएगी।

BLR vs HAR के बीच हेड टू हेड आंकड़े

बेंगलुरु बुल्स और हरियाणा स्टीलर्स के बीच अभी तक पीकेएल में जितने भी मैच हुए हैं, उसमें बेंगलुरू बुल्स की टीम आगे रही है। दोनों ही टीमों के बीच अभी तक कुल मिलाकर 10 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 6 मैच में बेंगलुरू बुल्स ने और 4 मैच में हरियाणा स्टीलर्स ने जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच कोई भी मैच टाई पर समाप्त नहीं हुआ है।

मैच– 10

बेंगलुरू बुल्स ने जीता – 6

हरियाणा स्टीलर्स ने जीता – 4

टाई – 0

हाईएस्ट स्कोर – 59-39

न्यूनतम स्कोर – 27-24

क्या आप जानते हैं?

हरियाणा स्टीलर्स के कोच मनप्रीत सिंह इससे पहले गुजरात जायंट्स के भी कोच रह चुके हैं और उन्होंने अपनी कोचिंग में टीम को फाइनल तक भी पहुंचाया था। उस वक्त फाइनल मुकाबले में मनप्रीत सिंह की टीम को बेंगलुरू बुल्स से ही हार मिली थी।

बेंगलुरु बुल्स और हरियाणा स्टीलर्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं?

दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

Sawan Gupta
Sawan Gupta

Sawan Gupta is a passionate sports enthusiast with a strong interest in cricket, hockey, badminton, and kabaddi. He supports RCB in the IPL and UP Yoddhas in the PKL, and admires PV Sindhu and Virat Kohli. Since 2017, Sawan has been writing sports articles, covering major events like the Pro Kabaddi League, Asian Games, Olympics, and various cricket tournaments.