PKL 11: आशु मलिक और मेरे बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है, नवीन कुमार ने शानदार प्रदर्शन के बाद कही बड़ी बात
तमिल को हराकर PKL 11 अंक तालिका में दबंग दिल्ली तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
प्रो कबड्डी लीग 2024 (PKL 11) का नोएडा लेग समाप्त हो चुका है। इस लेग के अंतिम दिन दबंग दिल्ली की टीम एक्शन में थी जिसने तमिल थलाइवाज को हराया है। थलाइवाज के खिलाफ टीम बराबरी पर चल रही थी, लेकिन नवीन कुमार की चार पॉइंट वाली रेड ने मैच का रुख अचानक पलट दिया। दिल्ली ने यहां से वापसी की और मैच अपने नाम किया।
मैच के बाद नवीन ने आशु मलिक के साथ अपनी जोड़ी के बारे में बात की और बताया है कि दोनों कैसे एक-दूसरे को मोटिवेट कर रहे हैं।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
मेरे और आशु में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं – नवीन कुमार
नवीन कुमार कई सीजन से दबंग दिल्ली का चेहरा हैं और टीम के लीडर भी। हालांकि, पिछले सीजन से ही वह चोट से परेशान हैं और उनकी अनुपस्थिति में आशु ने शानदार तरीके से टीम को संभाला है। आशु मलिक ने रेडिंग में ढेर सारे पॉइंट्स लाए हैं। अब नवीन की वापसी पर दोनों के बीच प्रतिस्पर्धा की बात चल रही है जिसे नवीन ने खारिज किया है।
उन्होंने कहा, “हमारे बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। हम दोनों तो एक हैं। मैं आशु हूं और आशु, नवीन है। कोई भागदौड़ नहीं है। हमारे लिए सुपर-10 या पॉइंट्स से अधिक आवश्यक टीम की जीत है। अगर आशु पॉइंट लाएगा तो आशु ज्यादा रेड करने जाएगा, अगर मैं लाऊंगा तो मैं जाऊंगा। जैसे मैं आशु को भेजता हूं वैसे ही आशु भी मुझे भेजता है। हम दोनों को एक-दूसरे पर भरोसा है।”
हम केवल अच्छी कबड्डी खेलना चाहते हैं – जोगिंदर नरवाल
दिल्ली ने अब अच्छी वापसी कर ली है और पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। दिल्ली ने पिछले पांच में से एक भी मैच में हार नहीं झेली है। इसके बावजूद टीम के कोच जोगिंदर नरवाल प्लेऑफ के बारे में अधिक सोच नहीं रहे हैं।
उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है कि हमें भरोसा नहीं है कि हम टॉप-6 में जा रहे हैं। हमारा काम है केवल कबड्डी खेलना और एक अच्छी कबड्डी खेलना। वो मेरी टीम खेल रही है और अच्छा ही खेलेगी। आगे भगवान की मर्जी है कि हम दूसरे पर होंगे या दसवें पर। हमें अच्छी कबड्डी खेलनी है। अच्छी नीति से कबड्डी खेलनी है और किसी प्लेयर को इंजरी ना हो।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
