Khel Now logo
HomeSportsOLYMPICS 2024Live Score

क्रिकेट न्यूज

IPL 2024: MI vs KKR के मैच में इन खिलाड़ियों के बीच होगी कड़ी टक्कर

Published at :May 2, 2024 at 11:05 PM
Modified at :May 2, 2024 at 11:05 PM
Post Featured Image

Neetish Kumar Mishra


Advertisement

आईपीएल 2024 के 51वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

आईपीएल (IPL 2024) का 51वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स (MI vs KKR) के बीच मुंबई में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद ही महत्वपूर्ण होने वाला है, क्योंकि यदि इस मुकाबले में केकेआर को जीत मिलती है तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा और यदि मुंबई इंडियंस यह मुकाबला जीतती है तो उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें थोड़ी-बहुत बरकरार रहेगी। लेकिन अगर ये मुकाबला MI हार जाती है, तो वो प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह बाहर हो जाएगी।

मुंबई इंडियंस के पास इस सीजन अब खोने के लिए कुछ नहीं बचा है, लेकिन वह अन्य टीमों का समीकरण जरूर खराब कर सकते हैं। अपने अगले मैच में उनका सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा, जो शुक्रवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस अपने घरेलू मैदान पर खेले जाने वाले इस मुकाबले को किसी भी हाल में जीतना चाहेगी और घरेलू फैंस को खुश होने का एक मौका देना चाहेगी।

MI vs KKR के मैच में इन खिलाड़ियों के बीच होगी जंग:

1. सुनील नरेन बनाम नुवान तुसारा:

सुनील नरेन इस सीज़न कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे हैं, क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन योगदान दे रहे हैं। यदि वह मुंबई में बल्लेबाजी करते समय एक बार सेट हो जाएंगे तो उनको रोकना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए, मुंबई इंडियंस उन्हें जल्द से जल्द आउट करना चाहेगी। ऐसे में तेज गेंदबाज नुवान तुसारा उनके खिलाफ प्रभावशाली साबित हो सकते हैं, क्योंकि वह तेज गति से यॉर्कर फेंकते हैं। सुनील नरेन की सबसे बड़ी कमजोरी अंगूठे के पास यॉर्कर गेंद है, इसीलिए इन दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।

2. फिल साल्ट बनाम जसप्रीत बुमराह:

सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट इस सीजन अब तक केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और वह इस सीजन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल, अब तक उनकी कोई ऐसी कमजोरी नहीं देखी है, जिसका गेंदबाज फायदा उठा सके। एक बार जब वह सेट हो जाते हैं तो फिर अपनी गलती से ही विकेट गवाते हैं। हालांकि, इस मुकाबले में पावर प्ले में उनका सामना जसप्रीत बुमराह से होगा जो भारत के ही नहीं बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं। आगामी मुकाबले में इन दोनों का आमना-सामना देखने लायक रहेगा।

3. रोहित शर्मा बनाम मिशेल स्टार्क

मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा पिछली तीन पारियों में फ्लॉप साबित हुए हैं और उनमें आत्मविश्वास की कमी साफ दिख रही है, लेकिन वह इतने बड़े बल्लेबाज हैं कि किसी भी मैच में बड़ा स्कोर कर सकते हैं और गेंदबाजों पर हावी हो सकते हैं। हालांकि, केकेआर के खिलाफ उनका सामना ऑस्ट्रेलियाई बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क से होगा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ रोहित के आंकड़े कमजोर रहे हैं और स्टार्क जरूर इसका फायदा उठा सकते हैं। बता दें कि, स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित को चार बार आउट भी किया है।

4. सूर्यकुमार यादव बनाम वरुण चक्रवर्ती

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी माने माने जाने वाले सूर्यकुमार यादव पिछली तीन पारियों में सिर्फ 46 रन ही बना सके हैं, जिससे उनकी टीम के प्रदर्शन पर गहरा असर भी पड़ा है। हालांकि, सूर्यकुमार का वानखेड़े में प्रदर्शन अच्छा रहता और केकेआर के खिलाफ अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। हालांकि, वरुण चक्रवर्ती उनके लिए एक बड़ी बाधा होंगे। वरुण ने आईपीएल में सूर्या के खिलाफ अब तक 25 गेंदें फेंकी है, जिसमें उन्होंने मात्र 26 रन बनाए हैं और एक बार आउट भी हो चुके हैं।

5. श्रेयस अय्यर बनाम पीयूष चावला

केकेआर के लिए सलामी बल्लेबाजों के असफल होने की स्थिति में कप्तान श्रेयस अय्यर सबसे अहम खिलाड़ी होंगे। वह मुंबई की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और वानखेड़े की परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने इस सीजन अपनी टीम के लिए कुछ अहम पारियां भी खेली हैं। अय्यर स्पिनरों के खिलाफ काफी आक्रामक दिखाई देते हैं। हालांकि, मुंबई इंडियंस के अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला के आंकड़े उनके खिलाफ अच्छे हैं। उन्होंने आईपीएल में उन्हें 30 गेंदों में एक बार आउट किया है और सिर्फ 42 रन खर्च किए हैं।

For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table,  on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Latest News
Advertisement
Advertisement