टॉप 10 खिलाड़ी जिन्होंने IPL में खेले हैं सबसे ज्यादा मैच

इस सूची में मौजूद सभी खिलाड़ी भारतीय हैं।
आईपीएल के 17वें सीजन (IPL 2024) की शुरुआत 22 मार्च से होने वाली है। इस टूर्नामेंट में पिछली बार की तरह ही 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस सीजन कई सारे खिलाड़ी ऐसे हैं जो आईपीएल में 250 मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करने वाले हैं। आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ एक ही खिलाड़ी ऐसा है, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है और वह नाम भारत के दिग्गज एमएस धोनी का है, जो अब भी आईपीएल में सक्रिय हैं।
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम ही दर्ज है। हालांकि, यह उम्मीद लगाई जा रही है कि धोनी इस बार आखिरी बार आईपीएल खेलते नजर आएंगे। यदि आईपीएल में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की टॉप 10 सूची देखें तो उसमें सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों का ही नाम है। नीचे हम आपको उन टॉप 10 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल (IPL) में सबसे ज्यादा मैच खेले हैं।
इन खिलाड़ियों ने IPL में खेले हैं सबसे ज्यादा मैच:
10. रविचंद्रन अश्विन – 197 मैच:

भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 197 मुकाबले खेले हैं। उन्हें आईपीएल 2008 के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा था, लेकिन 2009 में आईपीएल डेब्यू करने का मौका दिया। 2015 तक वह सीएसके का हिस्सा बने रहे। इसके बाद वह राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स (2016-2017), किंग्स इलेवन पंजाब (2018-2019), दिल्ली कैपिटल्स (2020-21) की ओर से खेलते दिखे। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में अश्विन राजस्थान रॉयल्स द्वारा खरीदे गए और वह अब भी इसी टीम का हिस्सा है।
9. अंबाती रायडू – 204 मैच:

भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले चुके अंबाती रायडू ने अपने आईपीएल करियर में 204 मुकाबले खेले थे। रायडू ने अपना आईपीएल करियर 2010 में मुंबई इंडियंस की ओर से शुरू किया था और 2017 तक इसी टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद वह 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने और 2023 में अपना आखिरी मुकाबला भी इसी टीम की ओर से खेला।
8. रॉबिन उथप्पा – 205 मैच:

रॉबिन उथप्पा ने अपने आईपीएल करियर में 205 मुकाबले खेले थे। उन्होंने अपना आईपीएल करियर 2008 में मुंबई इंडियंस की ओर से शुरू किया था। इसके बाद उथप्पा ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (2009-2010), पुणे वॉरियर्स इंडिया (2011-2013), कोलकाता नाइट राइडर्स (2014-2019), राजस्थान रॉयल्स (2020) और चेन्नई सुपर किंग्स (2021-2022) का भी प्रतिनिधित्व किया था।
7. सुरेश रैना – 205 मैच:

बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने अपने आईपीएल करियर में 205 मुकाबले खेले थे। उन्होंने अपना आईपीएल करियर 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शुरू किया था और 2021 में इसी टीम की ओर से अपना आखिरी आईपीएल मैच भी खेला था। हालांकि, सीएसके के बैन होने के चलते वह 2016 और 2017 में गुजरात लायंस की ओर से खेलते और कप्तानी करते हुए दिखे थे।
6. शिखर धवन – 217 मैच:

बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने आईपीएल करियर में 217 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आईपीएल करियर 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स (दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस (2009-2010), डेक्कन चार्जर्स (2011-2012), सनराइजर्स हैदराबाद (2013-2018), दिल्ली कैपिटल्स (2019-2021) का प्रतिनिधित्व किया। फिलहाल, धवन 2022 से लेकर अब तक पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं।
5. रविंद्र जडेजा – 226 मैच:

भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 226 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आईपीएल करियर 2008 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से शुरू किया था और 2009 तक इसी टीम का हिस्सा रहे। 2010 में बैन के चलते आईपीएल से अनुपस्थित रहने के बाद 2011 में उन्हें कोच्चि टस्कर्स केरल द्वारा खरीदा गया। उसके अगले ही सीजन यानी 2012 में वह चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में खरीदे गए और वह अब भी इसी टीम का हिस्सा हैं। हालांकि, सीएसके के बैन होने के चलते वह 2016 और 2017 में गुजरात लायंस का भी हिस्सा रहे थे।
4. विराट कोहली – 237 मैच:

आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से लेकर अब तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा रहे अनुभवी भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 237 मुकाबले खेले हैं। उनके नाम आईपीएल में एक टीम की ओर से सबसे ज्यादा मैच खेलने का भी रिकॉर्ड दर्ज है।
3. दिनेश कार्तिक – 242 मैच:

भारतीय अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 242 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आईपीएल करियर 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से शुरू किया था और 2010 तक इसी टीम का हिस्सा रहे। हालांकि, 2014 में उन्होंने एक बार फिर इस टीम का प्रतिनिधित्व किया।
कार्तिक ने 2011 में किंग्स इलेवन पंजाब, 2012 और 2013 में मुंबई इंडियंस, 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, 2016 और 2017 में गुजरात लायंस एवं 2018 से 2021 तक कोलकाता नाइट राइडर्स का भी प्रतिनिधित्व किया था। 2022 के मेगा ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर द्वारा खरीदे जाने के बाद से वह इस टीम का नियमित हिस्सा हैं।
2. रोहित शर्मा – 243 मैच:

भारतीय अनुभवी रोहित शर्मा ने अब तक आईपीएल में 243 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आईपीएल करियर साल 2008 में डेक्कन चार्जर्स की ओर से शुरू किया था और 2010 तक इसी टीम का हिस्सा रहे। 2011 में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने के बाद से लेकर अब तक वह इसी टीम का हिस्सा हैं। 2013 से 2023 तक उन्होंने मुंबई की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को 5 बार चैंपियन भी बनाया है।
1. एमएस धोनी – 250 मैच:

थाला के नाम से अपने फैंस के बीच मशहूर अनुभवी एवं दिग्गज कप्तान एवं भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी के नाम आईपीएल में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अब तक 250 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना आईपीएल करियर 2008 में बतौर कप्तान चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शुरू किया था और वह अब भी इसी टीम का हिस्सा हैं।
हालांकि, सीएसके के बैन होने के बाद वह 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स का हिस्सा रहे थे। उनके नाम बतौर कप्तान सबसे अधिक मैच खेलने, सबसे अधिक मैच जीतने, संयुक्त रूप से सबसे अधिक खिताब जीतने का भी रिकॉर्ड दर्ज है।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
- CSK vs RR Dream11 Prediction, Dream11 प्लेइंग XI, कप्तान किसे चुनें, मैच 62, IPL 2025 (Indian T20 League)
- PKL 12 से पहले रिलीज हुए पांच सबसे चौंकाने वाले नाम
- PKL 12 के लिए रिटेन हुए पांच सबसे चौंकाने वाले नाम
- LSG vs SRH Dream11 Prediction, Dream11 प्लेइंग XI, कप्तान किसे चुनें, मैच 61, IPL 2025 (Indian T20 League)
- DC vs GT Dream11 Prediction, Dream11 प्लेइंग XI, कप्तान किसे चुनें, मैच 60, IPL 2025 (Indian T20 League)