Khel Now logo
HomeSportsFIFA WORLD CUP 2026Live Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

3 कारण क्यों वैभव सूर्यवंशी को IRE vs IND के दूसरे टी20 में खिलाना चाहिए

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :June 28, 2026 at 8:11 AM
Modified at :June 28, 2026 at 8:11 AM
3 कारण क्यों वैभव सूर्यवंशी को IRE vs IND के दूसरे टी20 में खिलाना चाहिए

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में हार के बाद वैभव सूर्यवंशी को T20I डेब्यू कराने की मांग तेज हो गई है।

आयरलैंड दौरे पर बेलफास्ट में पहले टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय टीम (IRE vs IND) को 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जो आयरलैंड की भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में पहली जीत भी थी।

उस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 182/9 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में भारतीय टीम 148 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस हार के साथ भारत दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे हो गया है। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा 15-वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू नहीं करने की रही।

आईपीएल 2026 और इंडिया ए के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। अब दूसरे टी20 से पहले सवाल उठ रहा है कि क्या टीम मैनेजमेंट को अपनी रणनीति बदलनी चाहिए? इसीलिए, आइए जानते हैं तीन बड़े कारण, जिनकी वजह से वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी20 में मौका मिलना चाहिए।

इन 3 कारणों से वैभव सूर्यवंशी को दूसरे T20 में मिलना चाहिए मौका

1. भारत के टॉप ऑर्डर में बदलाव की जरूरत

पहले टी20 में अभिषेक शर्मा ने केवल 20 गेंदों में 49 रन बनाकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। संजू सैमसन 5 रन, ईशान किशन 1 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर सिर्फ 3 रन बनाकर पॉवरप्ले में ही आउट हो गए। यानी टॉप-4 बल्लेबाजों में केवल अभिषेक ही प्रभाव छोड़ सके।

यह तो सभी जानते हैं कि टी20 क्रिकेट में आक्रामक शुरुआत बेहद अहम होती है और वैभव सूर्यवंशी शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने के लिए जाने जाते हैं। अगर उन्हें अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जाती है तो भारत को पॉवरप्ले में और भी ज्यादा आक्रामक शुरुआत मिल सकती है।

2. हालिया फॉर्म के लिहाज से कोई भी भारतीय बल्लेबाज उनसे आगे नहीं

Vaibhav Sooryavanshi
Vaibhav Sooryavanshi (Credits: Getty Images)

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने हाल ही में बीते इस टूर्नामेंट में 103, 97, 96 और 93 रनों जैसी कई विस्फोटक पारियां खेलीं और अपनी टीम को क्वालीफायर 2 तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।

आईपीएल के बाद इंडिया ए की ओर से खेलते हुए श्रीलंका में खेली गई ट्राई सीरीज में भी उनका बल्ला खूब चला। उन्होंने 14, 44, 21, 38 और 94 रनों की पारियां खेलीं। यानी वह लगातार मैच खेल रहे हैं और शानदार लय में हैं। ऐसे खिलाड़ी को लंबे समय तक बेंच पर बैठाना टीम के लिए फायदे का सौदा नहीं माना जा सकता।

3. सीरीज बचाने के लिए भारत को चाहिए एक्स-फैक्टर खिलाड़ी

भारत फिलहाल दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे हो गया है। अगर वह दूसरा मुकाबला भी हार जाता है तो उसके लिए यह शर्मनाक सीरीज हार होगी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को साहसिक फैसला लेने की जरूरत है। पहले टी20 में आयरलैंड के लिए डेब्यू करने वाले दो खिलाड़ियों (मैट होलार्ड और जय मूंद्रा) ने मिलकर पांच विकेट झटके और भारत की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

ऐसे में भारत भी युवा वैभव सूर्यवंशी पर भरोसा जता सकता है। उनके पास निडर बल्लेबाजी करने की क्षमता है और वह शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं। अगर उन्हें दूसरे टी20 में मौका मिलता है तो वह भारत की बल्लेबाजी को नया आयाम दे सकते हैं और सीरीज बराबर करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

भारत के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है, लेकिन पहले टी20 ने दिखा दिया कि केवल अनुभव के भरोसे मैच नहीं जीते जा सकते। वैभव सूर्यवंशी इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और उन्होंने हर स्तर पर रन बनाकर खुद को साबित किया है।

ऐसे में अगर टीम इंडिया दूसरे टी20 में बदलाव करती है तो वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना एक ऐसा फैसला हो सकता है, जो सीरीज का रुख बदल सकता है।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.