Khel Now logo
HomeSportsIPL 2026Live Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी, IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद लिया बड़ा फैसला

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :May 29, 2026 at 6:52 PM
Modified at :May 29, 2026 at 6:53 PM
ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी, IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद लिया बड़ा फैसला

ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 में मात्र 312 रन बनाए।

आईपीएल 2026 का सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। यह टीम पूरे सीजन में सिर्फ चार मुकाबले जीत सकी और प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम भी बनी थी। अब इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने अपनी कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।

फ्रेंचाइजी ने भी शुक्रवार (29 मई) को आधिकारिक बयान जारी करते हुए पुष्टि की कि ऋषभ पंत ने कप्तानी की जिम्मेदारी से हटने का अनुरोध किया था, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। अब लखनऊ सुपर जायंट्स को अगले सीजन के लिए नए कप्तान की तलाश करनी होगी।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने जारी किया आधिकारिक बयान

फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा, “लखनऊ सुपर जायंट्स औपचारिक रूप से घोषणा करना चाहती है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी से कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया था और फ्रेंचाइजी ने उनके अनुरोध को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।”

गौरतलब हो कि, पंत IPL 2025 मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ही नहीं बल्कि आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साइनिंग साबित हुए थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदा था। हालांकि, दो सीजन कप्तान के रूप में उनका कार्यकाल उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।

कप्तान के तौर पर कैसा रहा ऋषभ पंत का प्रदर्शन?

Rishabh Pant, IPL 2026, LSG
Rishabh Pant (Image Source: BCCI/IPL)

ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स लगातार दो सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। उन्होंने 2025 में 14 में से सिर्फ छह मुकाबले जीते थे, जबकि IPL 2026 में यह आंकड़ा घटकर सिर्फ चार जीत तक रह गया।

इस तरह पंत ने लखनऊ के कप्तान के रूप में 28 मुकाबलों में टीम की अगुवाई की, जिसमें उन्हें केवल 10 जीत मिलीं। IPL 2026 में उनकी टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही, जिसके बाद कप्तानी में बदलाव की चर्चा तेज हो गई थी।

बल्लेबाजी में भी नहीं दिखा पुराना रंग

कप्तानी के साथ-साथ ऋषभ पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ। उन्होंने 2025 में 14 मैचों में 269 रन बनाए थे। वहीं आईपीएल 2026 में भी उनके बल्ले से सिर्फ 312 रन निकले।

यदि ओवरऑल आंकड़े देखें तो, पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 28 मैचों में सिर्फ 26.4 की औसत और 135.74 की स्ट्राइक रेट से 581 रन बनाए। इस दौरान वह सिर्फ एक शतक और दो अर्धशतक ही लगा सके।

टॉम मूडी ने भी ऋषभ के कप्तानी छोड़ने पर दिया बयान

लखनऊ सुपर जायंट्स के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने कहा कि पंत ने खुद कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था और फ्रेंचाइजी ने उनके फैसले का सम्मान किया।

मूडी ने बयान में कहा, “ऋषभ ने फ्रेंचाइजी के सामने यह अनुरोध रखा था और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार किया है। ऐसे फैसले कभी आसान नहीं होते। कप्तान के रूप में ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हमारा पूरा ध्यान टीम के सामूहिक प्रदर्शन, पुनर्निर्माण और बेहतर मानकों तक पहुंचने पर है।”

कौन बन सकता है LSG का अगला कप्तान?

ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के सामने नए कप्तान की तलाश सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। फिलहाल, उनके पास मिचेल मार्श, ऐडन मार्करम और निकोलस पूरन जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्होंने अपने-अपने करियर में राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी भी की है।

ऐसे में आईपीएल 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स किस खिलाड़ी को कप्तानी सौंपती है, इस पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.