रोहित शर्मा को फिर मिली मुंबई इंडियंस की कमान; आईपीएल 2027 में लगाने चाहेंगे टीम का बेड़ा पार
रोहित शर्मा तीन साल बाद फिर से मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे।
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 (IPL 2027) से पहले अपनी कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। यह टीम अगले सीजन में एक बार फिर अपने अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी। पिछले कुछ सालों में फ्रेंचाइजी ने कप्तानी में बदलाव किया था, लेकिन अब आगामी सीजन से पहले टीम ने पुराने कप्तान पर भरोसा जताया है।
फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने के बाद और ऑक्शन से लगभग ढाई हफ्ते पहले यह फैसला लिया गया है। हार्दिक के बदले मुंबई ने पंजाब से अर्शदीप सिंह को अपने साथ जोड़ा है।
तीन साल बाद मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे रोहित
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
रोहित शर्मा ने आखिरी बार 2023 में मुंबई इंडियंस की कप्तान की थी। उस सीजन टीम ने क्वालिफायर 2 तक का सफर तय किया था, जहां उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद आईपीएल 2024 से पहले मुंबई ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड करके अपनी टीम में शामिल किया और उन्हें कप्तान बना दिया।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पिछले तीन सीजन में काफी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा। यह टीम 2024 में पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही। हालांकि, अगले सीजन वह प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन क्वालिफायर 2 में उन्हें पंजाब किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, IPL 2026 में मुंबई इंडियंस नौवें स्थान पर रही।
रोहित शर्मा बने IPL इतिहास के सातवें सबसे उम्रदराज कप्तान
रोहित शर्मा अगले साल अप्रैल में 40 साल के हो जाएंगे। हालांकि, 19वें सीजन के लिए कप्तान बनने के साथ ही वह IPL इतिहास में सातवें सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं।
उन्होंने इस रिकॉर्ड में अनिल कुंबले को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 39 साल और 189 दिन की उम्र में IPL में कप्तानी की थी। कुंबले ने 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से मुंबई इंडियंस के खिलाफ कप्तानी की थी। अब रोहित इस सूची में उनसे आगे निकल गए हैं।
लेकिन अगर आईपीएल 2027 का सीजन या मुंबई इंडियंस का पहला मैच 13 मार्च से शुरू होता है, तो रोहित इस सूची में छठे स्थान पर पहुंच जाएंगे। फिलहाल छठे स्थान पर सौरव गांगुली हैं, जिन्होंने 2012 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 39 साल और 316 दिन की उम्र में कप्तानी की थी।
मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तान हैं रोहित शर्मा
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे लंबे समय तक कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने IPL और चैंपियंस लीग T20 को मिलाकर फ्रेंचाइजी के लिए 163 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान टीम ने 93 मैच जीते और 70 में हार का सामना किया।
रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच आईपीएल के फाइनल खेले और पांचों में जीत हासिल की। इस टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब अपने नाम किया। अब आईपीएल 2027 में रोहित एक बार फिर मुंबई इंडियंस को नेतृत्व देंगे।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
