भारतीय कप्तान सुनील कुमार ने ईरान पुरुष कबड्डी टीम को दी चेतावनी; एशियन गेम्स 2026 से पहले इरादे किए साफ
सुनील कुमार के नेतृत्व में भारत अपने गोल्ड मेडल को डिफेंड करने उतरेगा।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के सामने ईरान सबसे बड़ी चुनौती होगी। भारत इस इवेंट में जहां अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगा, वहीं ईरान की नजरें एक बार फिर पोडियम पर सबसे ऊपर खड़ा रहने पर है। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही इस मुकाबले को लेकर माहौल और भी गर्म हो गया है, क्योंकि भारतीय कप्तान सुनील कुमार ने ईरान पर एक बड़ी टिप्पणी कर दी है।
बता दें कि, पिछले दो एशियन गेम्स में दोनों के बीच हुए मुकाबलों ने इस राइवलरी को और भी खास बना दिया है। 2018 के सेमीफाइनल में मिली हार भारत के लिए बड़ा झटका थी, जबकि 2022 में टीम ने वापसी करते हुए ईरान को हराया था। अब 2026 में सुनील कुमार की अगुवाई में भारतीय टीम और शादलुई की ईरान एक बार फिर आमने-सामने हो सकती हैं।
2018 में ईरान ने तोड़ा था भारत के गोल्ड मेडल जीतने का सिलसिला
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
एशियन गेम्स में भारत और ईरान की राइवलरी का सबसे बड़ा अध्याय 2018 में देखने को मिला। जकार्ता में खेले गए सेमीफाइनल में ईरान ने भारत को 27-18 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद ईरान ने दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था।
यह एशियन गेम्स में पहली बार था, जब भारतीय पुरुष कबड्डी टीम गोल्ड मेडल जीतने में नाकाम रही। हालांकि, चार साल बाद भारत ने ईरान के खिलाफ वापसी की। एशियन गेम्स 2022 में भारत ने करीबी मुकाबले में ईरान को 33-29 से हराकर गोल्ड जीता था। इस मुकाबले में लॉबी नियम को लेकर विवाद भी हुआ था।
शादलुई ने भारत को दिया था खुला चैलेंज
एशियन गेम्स 2026 से पहले ईरान के ऑलराउंडर मोहम्मदरेज़ा शादलुई ने भी भारतीय टीम को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि ईरान भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए तैयार है और इस बार गोल्ड मेडल ईरान का होगा।
शादलुई के इस बयान के बाद भारतीय कप्तान सुनील कुमार ने भी अपनी टीम के इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। मिड-डे से बातचीत में उन्होंने 2018 की हार और 2022 की जीत को याद किया।
सुनील कुमार ने ईरान को लेकर कही बड़ी बात
ईरान के खिलाफ टीम की रणनीति और आत्मविश्वास पर बात करते हुए भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान सुनील कुमार ने कहा, “हम इस बार ईरान को 10-15 अंकों से हराने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”
कप्तान सुनील का यह बयान आगामी मुकाबले से पहले भारतीय टीम के आत्मविश्वास को साफ दिखाता है। बता दें कि, एशियन गेम्स 2026 में कबड्डी प्रतियोगिता 21 से 26 सितंबर तक चलेगी, जहाँ सेमीफाइनल में भारत और ईरान के भिड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी बता दें कि, पिछले तीन एशियन गेम्स मुकाबलों में भारत ने ईरान के खिलाफ दो बार जीत दर्ज की हैं, जबकि उसे एक मैच में हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में इस बार दोनों टीमों की भिड़ंत पर कबड्डी फैंस की खास नजरें रहेंगी।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
