कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के लिए सुरजीत सिंह को मिली भारतीय टीम की कमान, नवीन कुमार बने उपकप्तान
दो अनुभवी कप्तानों के नेतृत्व में भारत कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में अच्छा प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगा।
भारतीय कबड्डी प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है, क्योंकि भारत में पहली बार कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। अहमदाबाद में होने वाले इस टूर्नामेंट में कई देशों के पुरुष और महिला कबड्डी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से ठीक पहले भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के नेतृत्व को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। चयनकर्ताओं ने इस प्रतियोगिता के लिए घोषित टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन बनाने की कोशिश की है। ऐसे में कप्तानी और उपकप्तानी की जिम्मेदारी किन खिलाड़ियों को सौंपी गई है, यह जानना फैंस के लिए खास होगा।
सुरजीत सिंह संभालेंगे भारतीय पुरुष कबड्डी टीम की कमान
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी अनुभवी डिफेंडर सुरजीत सिंह करेंगे। उनके पास घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अच्छा अनुभव है। डिफेंस में उनकी समझ और मैदान पर नेतृत्व करने की क्षमता भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
नवीन कुमार को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी

भारतीय पुरुष टीम में स्टार रेडर नवीन कुमार को उपकप्तान बनाया गया है। नवीन अपनी तेज रेडिंग और अंक जुटाने की क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं और उनसे अटैक में अहम योगदान की भी काफी उम्मीदें होंगी।
उपकप्तान के तौर पर नवीन की भूमिका सिर्फ रेडिंग तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें कप्तान सुरजीत सिंह का साथ देते हुए टीम के खिलाड़ियों के बीच तालमेल बनाए रखने में भी मदद करनी होगी। सुरजीत का डिफेंसिव अनुभव और नवीन की रेडिंग क्षमता भारतीय टीम के लिए सही कॉम्बिनेशन बन सकते हैं।
23 से 31 अक्टूबर तक खेली जाएगी कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप
पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 31 अक्टूबर 2026 तक अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।
इस टूर्नामेंट में 13 देशों की 23 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें कुल 62 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें पुरुष वर्ग के 39 और महिला वर्ग के 23 मैच शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता के जरिए दोनों वर्गों में पहली बार कॉमनवेल्थ चैंपियन का फैसला होगा।
इन 13 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत सहित कुल 13 देशों की टीमें भाग लेंगी। इनमें भारत के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, नाइजीरिया, केन्या, तंजानिया, कनाडा, सिंगापुर, मलेशिया, युगांडा, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।
30 अक्टूबर को होंगे सेमीफाइनल, 31 अक्टूबर को खेला जाएगा फाइनल
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले 30 अक्टूबर को आयोजित होंगे, जबकि खिताबी मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
बता दें कि, अहमदाबाद में होने वाली इस चैंपियनशिप के मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों को टिकट के लिए भुगतान नहीं करना होगा। स्टेडियम में प्रवेश ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के आधार पर मुफ्त रखा गया है। इसके लिए दर्शकों को Thumpn प्लेटफॉर्म के जरिए पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
