सूर्यकुमार यादव से भारतीय टी20 टीम की कप्तानी छीनी! इस स्टार खिलाड़ी को मिल सकती है कमान

(Courtesy : BCCI)
रिपोर्ट्स के अनुसार भारतीय टी20 टीम की कप्तानी में जल्द बदलाव देखने को मिल सकता है।
भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने के बावजूद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का भविष्य अब सवालों के घेरे में दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बीसीसीआई और चयनकर्ता अब भारतीय टी20 टीम के नेतृत्व को लेकर नए सिरे से विचार कर रहे हैं।
आईपीएल 2026 का समापन होने के बाद भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कुल मिलाकर सात टी20 मुकाबले खेलने हैं, जिसकी शुरुआत 26 जून से होगी। माना जा रहा है कि इस सीरीज के लिए टीम चयन के दौरान कप्तानी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया जा सकता है। हालांकि, अभी तक BCCI की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?

सूर्यकुमार यादव ने इसी साल भारत को टी20 विश्व कप का खिताब दिलाया था। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया और ट्रॉफी अपने नाम की। इसके बावजूद रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि चयनकर्ता अब भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तान की तलाश कर रहे हैं।
इसके पीछे एक वजह सूर्यकुमार का हालिया प्रदर्शन भी माना जा रहा है। दरअसल, आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला। उन्होंने 13 मैचों में सिर्फ 270 रन बनाए, जबकि मुंबई इंडियंस की टीम नौवें स्थान पर रही।
इसके अलावा वह कप्तान बनने के बाद से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। इसीलिए, यह भी खबर आ रही है कि सूर्यकुमार टी20 टीम से अपनी जगह भी गंवा सकते हैं। चयनकर्ताओं का मानना है कि अगले दो टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम को ऐसा कप्तान और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज चाहिए, जो लंबे समय तक इस जिम्मेदारी को संभाल सके।
कप्तानी की रेस में श्रेयस अय्यर चल रहे हैं सबसे आगे

रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टी20 टीम की कप्तानी की रेस में तीन खिलाड़ी सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इनमें श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और ईशान किशन का नाम शामिल है। इन तीनों ही खिलाड़ियों ने हाल के समय में अच्छा प्रदर्शन किया है और भविष्य के लिहाज से टीम मैनेजमेंट के लिए अहम माने जा रहे हैं।
हालांकि, इन तीनों में अय्यर सबसे मजबूत दावेदार बताए जा रहे हैं। घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके अनुभव को देखते हुए चयनकर्ता उन्हें लॉन्ग टर्म कप्तान के रूप में देख सकते हैं।
श्रेयस अय्यर क्यों माने जा रहे हैं सबसे बड़े दावेदार?
श्रेयस अय्यर पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने दबाव वाले मुकाबलों में लगातार रन बनाए हैं और आईपीएल एवं घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव भी रखते हैं।
उन्होंने बीते कुछ सालों में आईपीएल में भी कप्तान के रूप में अच्छी-खासी सफलता भी हासिल की है। रिपोर्ट के अनुसार यही वजह है कि वह कप्तानी की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। इसीलिए, अगर चयनकर्ता कप्तानी में बदलाव के बारे में सोच रहे हैं तो अय्यर को टीम की कमान सौंपी जा सकती है।
वहीं तिलक वर्मा और ईशान किशन को भी भविष्य के नेतृत्व समूह का हिस्सा माना जा रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर अय्यर कप्तान बनते हैं तो इन दोनों में से किसी एक को उपकप्तान बनाया जा सकता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.