PKL 12: मनप्रीत सिंह ने करारी हार के बाद खिलाड़ियों को लगाई लताड़, हरियाणा स्टीलर्स के खराब प्रदर्शन का भी बताया कारण
तमिल थलाइवाज ने हरियाणा स्टीलर्स को हराकर PKL 12 में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की।
प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन (PKL 12) के 62वें मैच में तमिल थलाइवाज ने हरियाणा स्टीलर्स को 45-33 के अंतर से हराया। बता दें ये हरियाणा की लगातार तीसरी हार रही, जिससे वो पॉइंट्स टेबल में खिसक कर छठे स्थान पर आ गई है। दूसरी ओर थलाइवाज की ये पिछले 3 मैचों में दूसरी जीत रही।
पहले हाफ तक हरियाणा स्टीलर्स ने 15-13 के स्कोर के साथ 2 अंकों की बढ़त बनाई हुई थी। लेकिन दूसरे हाफ में थलाइवाज के डिफेंस और रेडिंग डिपार्टमेंट ने मिलकर 32 अंक बटोरे और मैच को एकतरफा बना दिया। अर्जुन ने अकेले ही मैच में 22 रेड पॉइंट्स अर्जित किए।
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
लगातार तीसरी हार से कोच मनप्रीत सिंह बहुत ज्यादा निराश
हरियाणा स्टीलर्स लगातार 3 हार झेल चुकी है। इस लूजिंग स्ट्रीक पर कोच मनप्रीत सिंह बोले, “क्या कहें, दूसरे हाफ में टीम खेली ही नहीं। हाफ-टाइम तक बहुत अच्छा खेले, लेकिन उसके बाद पूरी लय ही बिगड़ गई।”
“मैं अपनी ड्यूटी बहुत ईमानदारी से कर रहा हूं, प्लेयर्स की अच्छी तैयारी करवा रहा हूं और उनका मनोबल भी बढ़ाता हूं। बाकी सब खिलाड़ियों के ऊपर है कि वो मैट पर उतरने के बाद क्या करते हैं। बहुत मेहनत करते हैं, प्लानिंग भी करके आते हैं लेकिन इसे खराब किस्मत ही कह सकते हैं कि टीम अच्छा नहीं कर पा रही।”
हमारे ऊपर किसी बात का दबाव नहीं – मनप्रीत सिंह
हरियाणा स्टीलर्स का अगला मैच दबंग दिल्ली से है, जो अब तक सीजन में सिर्फ एक मैच हारी है। उसपर मनप्रीत सिंह ने कहा, “पहली बात तो ये कि हमारे ऊपर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है। सभी टीम एक ही पर्स में बनी थीं। मैंने कभी किसी लीग में किसी को कमजोर और तगड़ा माना ही नहीं।”
“कभी आप जीतते हैं, कभी हार जाते हैं, बाकी टीम सेट करना और खुद पर विश्वास बनाए रखना बहुत बड़ी बात है। फिर प्लानिंग करके आएंगे, लेकिन जब भी टीम प्लानिंग से थोड़ा भी हटकर खेलती है तो टीम पूरी तरह डगमगा जाती है।”
हरियाणा को हराकर मोटिवेशन मिला
हरियाणा स्टीलर्स को हराने के बाद तमिल थलाइवाज के कप्तान अर्जुन देशवाल ने कहा, “हरियाणा के पास काफी अच्छी टीम है, उन्हें हराकर बहुत खुशी मिली है। वो पिछली बार के चैंपियन भी हैं, इसलिए उन्हें हराकर टीम को मोटिवेशन भी मिला है। पिछली हार के बाद मैं खुद अच्छा महसूस नहीं कर रहा था, लेकिन कोच ने सब खिलाड़ियों को मोटिवेट किया, ये जीत उसी का परिणाम है।”
हमें सुपर-रेड से फायदा हुआ – अर्जुन देशवाल
अर्जुन देशवाल ने कहा, “चेन्नई में हमें फैंस का खूब सपोर्ट मिला है। हाफ-टाइम के बाद हमने काफी बढ़िया स्कोर किया। मैच में रेडर को सुपर-रेड मिल जाती है तो उसका बहुत सहारा मिलता है। उस टाइम मैच काफी क्लोज चल रहा था, तब सुपर रेड आई तो हमें फायदा मिला।”
उस स्पेशल फैन का बहुत-बहुत धन्यवाद – अर्जुन देशवाल
अर्जुन ने गर्व जताते हुए कहा, “पिछले मैच में जो फैन ग्राउंड में आया, वो मेरे लिए, टीम और कबड्डी जगत के लिए बहुत बड़ी बात है, क्योंकि अक्सर ऐसा क्रिकेट में देखने को मिलता रहा है। अब कबड्डी में ऐसा होना इस खेल के लिए बहुत बड़ी बात है। उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद और अन्य फैंस का भी बहुत आभार।
PKL 12 के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर कौन है?
दबंग दिल्ली नौ जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद हैं।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
