लंदन में विराट कोहली का हुआ खास सम्मान, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से की मुलाकात
विराट कोहली इन दिनों लंदन में रह रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस समय एक बार फिर चर्चा में हैं। हालांकि, इस बार वजह मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि लंदन में हुई एक खास मुलाकात है। विराट इन दिनों क्रिकेट से दूर हैं और वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज की तैयारियों से पहले लंदन में मौजूद हैं।
इसी दौरान उनकी मुलाकात महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से हुई। इस मुलाकात के दौरान एकनाथ शिंदे ने कोहली को शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता देकर उनका खास सम्मान भी किया। इस मुलाकात के बाद शिंदे ने कोहली को लेकर कुछ ऐसा कहा, जिसने भारतीय बल्लेबाज के सादगी भरे अंदाज को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।
एकनाथ शिंदे ने की विराट कोहली की सादगी की तारीफ
Catch Every Update, Anytime, Anywhere
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के मुताबिक, विराट कोहली को जब पता चला कि वह लंदन में मौजूद हैं, तो भारतीय बल्लेबाज खुद उनसे मिलने पहुंचे। हालांकि, दोनों पहले भी एक-दूसरे से मिल चुके हैं, लेकिन डिप्टी सीएम ने इस बार हुई बातचीत को काफी खास बताया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “विराट कोहली लंदन में रहते हैं और जब उन्हें पता चला कि मैं यहां हूं, तो वह गुडविल विजिट के लिए मुझसे मिलने आए। मैं खुश था कि इतना बड़ा भारतीय क्रिकेटर, जिसके नाम इतने सारे शतक हैं, इतना सरल स्वभाव का है। हम पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन आज उनके साथ हुई बातचीत से मुझे खास तौर पर खुशी हुई।”
इस मुलाकात में क्रिकेट के अलावा महाराष्ट्र में खेलों के विकास और उससे जुड़े दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हालांकि, शिंदे की टिप्पणी के बाद कोहली का सादगी भरा अंदाज खास चर्चा में आ गया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में नजर आएंगे कोहली
विराट कोहली भले ही इस समय लंदन में हैं, लेकिन वह 20 सितंबर के आसपास भारत आ सकते हैं। भारतीय टीम को घरेलू सरजमीं पर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
कोहली अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं, जिस पर वह काफी ध्यान भी दे रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में तीन पारियों में 144 रन बनाए थे, जिसमें 65 और 74 रनों जैसी लगातार दो अर्धशतकीय पारियां शामिल थीं।
वहीं, वनडे क्रिकेट में कोहली एक बड़ी उपलब्धि के बेहद करीब हैं। उन्होंने 314 मैचों में 14,941 रन बनाए हैं और 15,000 रन पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 59 रन चाहिए। ऐसा करने पर वह सचिन तेंदुलकर के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
बता दें कि, साल 2026 में कोहली ने वनडे में 6 पारियों में 64.00 की औसत से 384 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक व तीन अर्धशतक शामिल हैं। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में उनके इसी फॉर्म पर भारतीय फैंस की नजरें रहेगी।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
