Khel Now logo
HomeSportsICC Men's T20 World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

फाइनल में अहमदाबाद की पिच से क्यों है भारत को खतरा? टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले से पहले जानिए क्या कहते हैं आंकड़े

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :March 8, 2026 at 1:46 PM
Modified at :March 8, 2026 at 1:46 PM
फाइनल में अहमदाबाद की पिच से क्यों है भारत को खतरा? टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले से पहले जानिए क्या कहते हैं आंकड़े

IND vs NZ के फाइनल में अहमदाबाद की पिच भारत के लिए चुनौती बन सकती है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अब खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं।

लेकिन इस बड़े मुकाबले से पहले अहमदाबाद की पिच को लेकर चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि यहां के आंकड़े और पिच का स्वभाव मैच की दिशा बदल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनल में इस्तेमाल होने वाली पिच लाल और काली मिट्टी के मिश्रण से तैयार की गई है। ऐसी पिच पर आमतौर पर अच्छा बाउंस और तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, जबकि स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा टर्न नहीं मिलता।

यही वजह है कि इस विकेट पर बल्लेबाज भी खुलकर शॉट खेल सकते हैं और मुकाबला हाई स्कोरिंग होने की पूरी संभावना है। माना जा रहा है कि इस मैच में 200 रन के आसपास का स्कोर अच्छा माना जा सकता है।

अहमदाबाद में अक्सर बनते हैं बड़े स्कोर

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बात करें तो यहां टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिलती रही है। अब तक इस मैदान पर 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें पहली पारी का औसत स्कोर 188 रन रहा है। वहीं दूसरी पारी का औसत स्कोर 159 रन है।

इन आंकड़ों से साफ है कि यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को बड़ा स्कोर बनाने का अच्छा मौका मिलता है। यही वजह है कि इस मैदान पर टॉस भी काफी अहम भूमिका निभा सकता है।

पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को ज्यादा फायदा

अहमदाबाद के आंकड़े यह भी बताते हैं कि यहां लक्ष्य का पीछा करना हमेशा आसान नहीं होता। इस मैदान पर खेले गए 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 8 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 5 मैचों में ही लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। इसके अलावा, साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया एक मुकाबला टाई भी रहा है।

यानी अगर फाइनल में कोई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा कर देती है, तो दूसरी टीम के लिए दबाव में रन चेज करना मुश्किल हो सकता है।

भारत के नाम है सबसे बड़ा स्कोर और सबसे बड़ी जीत

इस मैदान से जुड़ा एक दिलचस्प रिकॉर्ड भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले से ही जुड़ा हुआ है। साल 2023 में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां 234 रन का विशाल स्कोर बनाया था और उस मैच को 168 रन के बड़े अंतर से जीत लिया था।

उस मुकाबले में न्यूजीलैंड की पूरी टीम सिर्फ 66 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जो इस मैदान पर किसी भी टीम का सबसे कम स्कोर है। यानी इस मैदान पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना दबदबा भी दिखाया है।

अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड

अगर दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो अहमदाबाद में भारत का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। भारतीय टीम ने यहां अब तक 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं और 7 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम का रिकॉर्ड इस मैदान पर ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। न्यूजीलैंड ने यहां दो मैच खेले हैं और दोनों में हार का सामना करना पड़ा है।

यदि, टोटल स्कोर की बात करें तो इस मैदान पर भारत का सबसे बड़ा स्कोर 234 रन है, जबकि न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा स्कोर 175 रन रहा है। वहीं, न्यूजीलैंड का सबसे छोटा स्कोर 66 रन है, जबकि भारत का सबसे छोटा स्कोर 111 रन है, जो इसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रन चेज के दौरान आया था।

फिर भी अहमदाबाद की पिच पर भारत के लिए क्यों हो सकता है खतरा?

भले ही आंकड़ों के हिसाब से भारत का रिकॉर्ड इस मैदान पर मजबूत दिखाई देता है, लेकिन वह यहां पर दो अहम वर्ल्ड कप मुकाबले हार चुके हैं। टीम इंडिया को वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शुरुआत से लेकर अब तक सिर्फ दो आईसीसी टूर्नामेंट के मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और ये दोनों हार अहमदाबाद में मिली हैं।

बता दें कि, वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मुकाबला इसी मैदान पर खेला गया था, जहां पर भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद टीम इंडिया लगातार सभी आईसीसी मैचों में अजेय रही थी, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में फिर से हार झेलनी पड़ी।

इसीलिए भारतीय टीम को अहमदाबाद में एक अच्छे माइंडसेट के साथ मैदान पर उतरना होगा और अपनी पुरानी गलतियों से सीख लेकर यहाँ खेले गए द्विपक्षीय सीरीज के मैचों में मिली सफलता को दोहराना होगा।

For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.