3 बड़े कारण क्यों रजत पाटीदार को भारतीय टी20 टीम में शामिल करना चाहिए

रजत पाटीदार ने IPL में लगातार शानदार प्रदर्शन करके भारतीय टी20 टीम के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार पिछले कुछ सीजन से आईपीएल में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। खासकर बड़े मुकाबलों में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। IPL 2025 में उन्होंने टीम को चैंपियन बनाया, जबकि IPL 2026 में भी RCB को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
बीच के ओवरों में स्पिन के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी, दबाव में खेलने की क्षमता और कप्तानी ने उन्हें भारतीय टी20 टीम के लिए मजबूत दावेदार बना दिया है। आइए जानते हैं तीन बड़े कारण क्यों रजत पाटीदार को अब भारतीय टी20 टीम में मौका मिलना चाहिए।
इन कारणों के चलते रजत पाटीदार को भारतीय टी20 टीम में शामिल करना चाहिए
3. बड़े मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन
रजत पाटीदार की सबसे बड़ी ताकत बड़े मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना है। उन्होंने आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112* रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। एक अनकैप्ड बल्लेबाज रहते हुए उन्होंने प्लेऑफ में शतक लगाकर इतिहास रचा था और उनकी टीम ने 14 रनों से जीत हासिल करके क्वालीफायर में जगह बनाई थी।
इसके बाद हाल ही में IPL 2026 के क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 9 छक्के शामिल थे। खास बात यह है कि उनके आईपीएल करियर की दो सबसे बड़ी पारियां प्लेऑफ जैसे हाई प्रेशर मुकाबलों में आई हैं। भारतीय टी20 टीम को ऐसे बल्लेबाजों की जरूरत है जो दबाव में भी मैच बदल सकें।
2. बीच के ओवरों में गेमचेंजर बल्लेबाज

वर्तमान समय में रजत पाटीदार स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में शामिल हैं। बीच के ओवरों में जहां ज्यादातर बल्लेबाज स्ट्राइक रोटेट करने पर ध्यान देते हैं, वहीं पाटीदार लगातार बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं। स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका फुटवर्क और खड़े-खड़े लंबे छक्के मारने की क्षमता उन्हें कई बल्लेबाजों से अलग बनाता है।
पाटीदार ने IPL में कई बार 7वें से 15वें ओवर के बीच मैच का मोमेंटम पूरी तरह बदल दिया। सूर्यकुमार यादव के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद भारतीय टी20 टीम को ऐसे बल्लेबाज की जरूरत महसूस हो रही है, जो बीच के ओवरों में स्पिन अटैक पर दबाव बना सके और रन गति को गिरने न दे, ऐसे में पाटीदार सबसे अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
1. IPL में शानदार कप्तानी
रजत पाटीदार ने सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, कप्तानी में भी खुद को साबित किया है। उन्होंने IPL 2025 में पहली बार RCB की कमान संभाली और टीम को खिताब जिताया।
इस तरह से लंबे समय बाद RCB ने ट्रॉफी जीती और इसमें पाटीदार की कप्तानी की बड़ी भूमिका रही। इसके बाद IPL 2026 में भी उन्होंने टीम को लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर फाइनल तक पहुंचाया। पाटीदार की कप्तानी में RCB अब तक 27 में से 19 मुकाबले जीत चुकी है, जो उनकी कप्तानी की क्षमता को दिखाता है।
पाटीदार की मैदान पर शांत सोच, गेंदबाजों का सही इस्तेमाल और दबाव में फैसले लेने की क्षमता काफी प्रभावशाली रही है। भारतीय टी20 टीम भविष्य के लिए सूर्यकुमार यादव के विकल्प के रूप में ऐसे खिलाड़ी को तैयार करना चाहेगी, जो बल्लेबाजी के साथ लीडरशिप में भी मजबूत हो, ऐसे में पाटीदार सबसे अच्छे विकल्प के रूप में उभरे हैं।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.