3 बड़े कारण क्यों वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीत सकते हैं

वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके चलते उनकी टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर क्वालीफायर 2 में जगह बनाई।
बता दें कि, वैभव सिर्फ 15 मैचों में 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। उनका स्ट्राइक रेट 242.86 का है, जो इस सीजन के बाकी बल्लेबाजों से काफी बेहतर है। उन्होंने इस सीजन लगातार बड़े स्कोर बनाए हैं और कई मैचों में अकेले दम पर राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाई है।
सूर्यवंशी ने इस सीजन 103 (37), 97 (29), 93 (38), 78 (26) और 52 (17) जैसी बड़ी 50+ रनों की विस्फोटक पारियां खेली हैं। अब उनसे क्वालीफायर 2 में भी इसी तरह की पारी की उम्मीद की जा रही है। इसीलिए, आइए जानते हैं उन तीन बड़े कारणों के बारे में जिनके चलते वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीत सकते हैं।
इन 3 कारणों के चलते वैभव सूर्यवंशी इस सीजन ऑरेंज कैप जीत सकते हैं
विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार स्ट्राइक रेट
वैभव सूर्यवंशी इस सीजन बेहद तेज गति से रन बना रहे हैं, जो इस सीजन ही नहीं बल्कि आईपीएल इतिहास के किसी सीजन में 500+ रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी।
उन्होंने इस पारी में 12 छक्के लगाए और अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया। लगातार बड़े शॉट खेलने की उनकी क्षमता ही उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाती है। इसीलिए यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि यदि वह क्वालीफायर 2 में बड़ी पारी खेलते हैं, तो आराम से ऑरेंज कैप जीत सकते हैं।
लगातार रन बनाने की क्षमता

किसी भी बल्लेबाज के लिए ऑरेंज कैप जीतने का सबसे जरूरी पहलू लगातार रन बनाना होता है और वैभव ने पूरे सीजन यही किया है। वह 15 मैचों में 680 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप की रेस में पहले स्थान पर हैं।
उनके बाद गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन (652 रन) और शुभमन गिल (618 रन) अभी भी उन्हें पछाड़ने की रेस में हैं। यदि वैभव गुजरात टाइटंस के खिलाफ अच्छा-खासा रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला देते हैं, तो वह निश्चित ही ऑरेंज कैप जीत सकते हैं। क्योंकि इसके बाद उन्हें एक और मैच खेलने का मौका मिलेगा और इस रेस में उनके बड़े प्रतिद्वंद्वी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे।
बड़े मैचों में भी आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता
सूर्यवंशी ने इस सीजन साबित किया है कि वह बिना दबाव के बल्लेबाजी करते हैं, इसीलिए वह किसी भी गेंदबाज के सामने अटैकिंग बल्लेबाजी करने से बिल्कुल नहीं डरते। एलिमिनेटर जैसे बड़े मुकाबले में उनकी मात्र 29 गेंदों पर 12 छक्कों की मदद से 97 रनों की पारी इसकी सबसे बड़ी मिसाल है।
उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी और उसमें मिल रही सफलता की कई पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने भी जमकर तारीफ की है। कई दिग्गजों ने उन्हें भविष्य का सुपरस्टार भी बताया है। वैभव का लगातार बड़े मैचों में रन बनाना और दबाव में आक्रामक बल्लेबाजी करना ही उन्हें ऑरेंज कैप जीतने का सबसे मजबूत दावेदार बनाता है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.