फीफा वर्ल्ड कप 2026: क्या नेमार मोरक्को के खिलाफ ब्राजील के पहले मैच में खेलेंगे? जानिए ताजा अपडेट

(Courtesy : Getty Images)
मोरक्को के खिलाफ मुकाबले से पहले कार्लो एंसेलोटी ने नेमार की उपलब्धता पर बड़ी जानकारी दी है।
पांच बार की चैंपियन ब्राजील फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ करने जा रही है, लेकिन इस मुकाबले से पहले एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल, काफी दिनों से चोटिल चल रहे स्टार फॉरवर्ड नेमार को इस मैच में खेलने को लेकर पहले से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब इन सभी अटकलों पर विराम लग गया है।
बता दें कि, 34 वर्षीय फॉरवर्ड पिंडली की चोट (Calf Injury) के चलते अब तक ब्राजील की टीम के साथ फुल ट्रेनिंग नहीं कर सके हैं। इसीलिए, मोरक्को के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले से पहले हेड कोच कार्लो एंसेलोटी ने उनके खेलने को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है।
कार्लो एंसेलोटी ने दिया नेमार की फिटनेस पर बड़ा अपडेट

मोरक्को के खिलाफ मैच से पहले कार्लो एंसेलोटी ने बताया कि नेमार मैदान पर जल्द से जल्द वापसी के लिए जमकर मेहनत कर रहे हैं और वह अगले सप्ताह टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू कर सकते हैं।
हेड कोच एंसेलोटी ने नेमार की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा, “नेमार जल्द से जल्द फिट होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह पूरी तरह ठीक होकर अगले सप्ताह टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा, “जब हम नेमार को टीम में शामिल करते हैं, तो सिर्फ उनकी शानदार तकनीकी क्षमता की वजह से नहीं करते, बल्कि उनके अनुभव और युवा खिलाड़ियों के लिए उनके आदर्श उदाहरण की वजह से भी करते हैं।”
बता दें कि नेमार को सैंटोस के लिए खेलते समय पिंडली में यह लगी थी। हालांकि, शुरुआत में इस चोट को उतना गंभीर नहीं माना गया था, लेकिन बाद में एमआरआई स्कैन में समस्या सामने आई। इसके बाद से ही वह लगातार रिकवरी प्रक्रिया में हैं।
क्या हैती के खिलाफ मैच में भी नेमार का खेलना मुश्किल है?
ब्राजील का दूसरा ग्रुप मुकाबला 20 जून को हैती के खिलाफ खेला जाएगा। हालांकि, उस मुकाबले में नेमार की वापसी को लेकर उम्मीद बनी हुई है, लेकिन उनकी उपलब्धता पूरी तरह रिकवरी की रफ्तार पर निर्भर करेगी।
ब्राजील का ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 24 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ होगा। ऐसे में टीम मैनेजमेंट कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा और नेमार की वापसी तभी होगी जब मेडिकल स्टाफ उन्हें पूरी तरह फिट घोषित करेगा।
ब्राजील के लिए कितने अहम हैं नेमार?
नेमार इस वर्ल्ड कप में सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं। वह अन्तर्राष्ट्रीय फुटबॉल में ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अब तक 128 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 79 गोल किए हैं और इस मामले में महान पेले के 77 गोल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुके हैं।
हालांकि, वह चोटों के चलते 2023 के बाद से अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर नहीं उतर पाए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें फीफा वर्ल्ड कप 2026 टीम में शामिल किया गया। अगर नेमार यह टूर्नामेंट में खेलते हैं तो यह उनके करियर का चौथा वर्ल्ड कप होगा। इससे पहले वह 2014, 2018 और 2022 के संस्करणों में ब्राजील का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
फिलहाल इतना तय है कि नेमार मोरक्को के खिलाफ ब्राजील के पहले मुकाबले में मैदान पर नजर नहीं आएंगे। अब सभी की नजरें उनकी रिकवरी पर टिकी होंगी, क्योंकि आगे के मुकाबलों में उनकी मौजूदगी टीम की खिताबी उम्मीदों को मजबूत कर सकती है।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.