प्रो कबड्डी लीग सीजन 8 ऑक्शन में कम दाम में बिके टॉप-5 स्टार प्लेयर्स

(Courtesy : PKL )
कई टीमों को काफी कम पैसों में ही बेहतरीन खिलाड़ी मिल गए।
प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 8 का ऑक्शन खत्म हो चुका है। इस बार कई टीमों ने अपने-अपने कॉम्बिनेशन के हिसाब से काफी पैसे खर्च किए। कई खिलाड़ियों के लिए काफी महंगी बोली लगी तो वहीं कई ऐसे दिग्गज प्लेयर रहे जो टीमों को कम दाम में ही मिल गए।
स्टार रेडर परदीप नरवाल पीकेएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। यूपी योद्धा ने उन्हें 1.65 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम देकर खरीदा। हालांकि कई खिलाड़ी ऐसे रहे जिनके लिए ज्यादा बोली नहीं लगी लेकिन वो अपनी टीमों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
हम आपको ऐसे ही टॉप 5 प्लेयर्स के बारे में बताएंगे।
5. मोनू गोयत - 20 लाख
मोनू गोयत एक जबरदस्त अनुभवी खिलाड़ी हैं। प्रो कबड्डी लीग में उनके पास काफी ज्यादा अनुभव है। ऐसे में पटना पाइरेट्स ने उन्हें सिर्फ 20 लाख रुपए में खरीदकर समझदारी वाला काम किया है। ये एक स्मार्ट मूव कहा जा सकता है।
पिछले सीजन मोनू गोयत यूपी योद्धा की टीम का हिस्सा थे और टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम योगदान निभाया था। मोनू गोयत की रेड्स की सफलता का प्रतिशत 43.03 रहा था। इससे पता चलता है कि वो कितने बेहतरीन प्लेयर हैं।
4. संदीप धुल - 45 लाख (एफबीएम)
संदीप धुल ने पिछले सीजन जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया था। वो सीजन के टॉप डिफेंडर्स में से एक थे। उन्होंने सीजन सात में कुल 73 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे। इस बार भी जयपुर पिंक पैंथर्स ने उन्हें सिर्फ 45 लाख रुपए की रकम देकर रिटेन किया।
संदीप धुल एक शानदार डिफेंडर हैं और इस बार भी डिफेंस की जिम्मेदारी उनके कंधों पर रहेगी। जयपुर ने उन्हें दोबारा अपने साथ जोड़कर एक बेहतरीन काम किया है।
3. राहुल चौधरी - 40 लाख
"शो मैन" के नाम से मशहूर राहुल चौधरी प्रो कबड्डी लीग इतिहास के लीजेंडरी प्लेयर्स में से एक हैं। पिछला सीजन भले ही उनके लिए उतना अच्छा नहीं रहा लेकिन राहुल चौधरी अभी भी मैट पर काफी घातक साबित हो सकते हैं। उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें कभी भी नजरंदाज नहीं किया जा सकता है।
ऐसे में पुणेरी पलटन ने सिर्फ 40 लाख रुपए की रकम में उन्हें खरीदकर बेहतरीन काम किया है। राहुल चौधरी पीकेएल में 800 प्वॉइंट हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। इसके अलावा और भी कई रिकॉर्ड उन्होंने अपने नाम किए हैं। छठे सीजन की नीलामी में तेलुगु टाइटंस ने राहुल चौधरी के लिए 1 करोड़ 29 लाख की बोली लगाई थी। उन्होंने चौथे सीजन में बेस्ट रेडर का अवॉर्ड भी जीता था। ऐसे में 40 लाख की रकम में वो काफी स्मार्ट खरीद कहे जा सकते हैं।
2. रोहित कुमार - 36 लाख
जब भी रोहित कुमार को किसी बेहतरीन रेडर का साथ मिला है तो फिर उन्होंने प्रो कबड्डी लीग का टाइटल जीता है। तेलुगु टाइटंस ने भी इस बार कुछ वैसा ही किया है। उन्होंने सिद्धार्थ देसाई और रोहित कुमार दोनों को टीम में शामिल किया है।
सिद्धार्थ देसाई के लिए जहां 1 करोड़ 30 लाख रुपए की बोली लगी तो वहीं रोहित कुमार सिर्फ 36 लाख रुपए में तेलुगु टाइटंस को मिल गए। ऐसे में वो एक बेहतरीन स्टील कहे जा सकते हैं। पिछले सीजन उन्होंने बेंगलुरू बुल्स के लिए 100 प्वॉइंट हासिल किए थे और अपनी कप्तानी में टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया था।
1. दीपक निवास हूडा - 55 लाख (एफबीएम)
दीपक निवास हूडा पिछले सीजन जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान थे और 158 प्वॉइंट हासिल किए थे। उनका बेस्ट परफॉर्मेंस भी छठे सीजन में जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए ही आया था जब उन्होंने 208 प्वॉइंट हासिल किए थे।
दीपका हूडा एक बेहतरीन ऑलराउंडर होने के अलावा शानदार कप्तान भी हैं। उन्हें कप्तानी का काफी अनुभव है। यही वजह है कि जयपुर पिंक पैंथर्स ने एक बार फिर उनको टीम में लिया है और 55 लाख रुपए में वो एक जबरदस्त प्लेयर माने जा सकते हैं।