Khel Now logo
HomeSportsIPL 2025Live Score

क्रिकेट न्यूज

टॉप 11 भारतीय खिलाड़ी जिन्होंने ODI World Cup इतिहास में खेले हैं सबसे ज्यादा मैच

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :October 8, 2023 at 8:32 PM
Modified at :October 8, 2023 at 8:32 PM
Post Featured

विराट कोहली इस सूची में मौजूद इकलौते खिलाड़ी हैं, जो अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय हैं।

वनडे विश्व कप के 13वें संस्करण (World Cup 2023) की शुरुआत 5 अक्टूबर से भारत में होने वाला है। यह पहली बार है जब भारत अकेले विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को यह उम्मीद होगी कि भारतीय टीम इस संस्करण में अपनी घरेलू सरजमीं का फायदा उठाते हुए खिताब अपने नाम करेगी।

विश्व कप इतिहास में कई सारे भारतीय खिलाड़ियों ने लंबे समय तक विश्व कप खेले हैं। बतौर भारतीय खिलाड़ी विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है और उनका यह रिकॉर्ड टूटना काफी मुश्किल भी है। यहां हम आपको विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाले टॉप 11 भारतीय खिलाड़ियों की जानकारी देने जा रहे हैं।

इन भारतीय खिलाड़ियों ने World Cup में खेले हैं सबसे ज्यादा मैच:

11. Virender Sehwag (2003-2011) - 22 Matches:

भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 2003 से लेकर 2011 तक कुल 22 विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने कुल 843 रन भी बनाए। वह 2011 के विश्व कप में चैंपियन रही भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। उन्होंने उस टूर्नामेंट में बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में 175 रनों की एक बड़ी पारी भी खेली थी।

10. Rahul Dravid (1996-2007) - 22 Matches:

भारतीय क्रिकेट के दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ ने 1996 से लेकर 2007 तक कुल 22 विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने कुल 860 रन बनाए। वह 1999 के विश्व कप में सबसे अधिक (461) रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे। हालांकि, वह कभी विश्व कप चैंपियन नहीं बन सके।

9. Yuvraj Singh (2003-2011) - 23 Matches:

भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने 2003 से लेकर 2011 तक कुल 23 विश्व कप मुकाबले खेले। उन्होंने अपने विश्व कप करियर में 738 रन बनाए थे और गेंदबाजी करते हुए 20 विकेट भी चटकाए थे। वह 2011 में विश्व विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे और साथ ही साथ उस संस्करण में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने गए थे।

8. Kris Srikkanth (1983-1992) - 23 Matches:

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज क्रिस श्रीकांत ने 1983 से लेकर 1992 तक कुल 23 विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस बीच उन्होंने 521 रन बनाए थे। वह 1983 में कपिल देव की कप्तानी वाली चैंपियन भारतीय टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।

7. Zaheer Khan (2003-2011) - 23 Matches:

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने 2003 से लेकर 2011 तक कुल 23 विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने 44 विकेट चटकाए थे। वह विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में जवागल श्रीनाथ के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर भी हैं। 2011 के विश्व कप में वह सबसे अधिक विकेट चटकाने के मामले में शाहिद अफरीदी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थे। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने खिताब भी जीता था।

6. Virat Kohli (2011-2019) - 26 Matches:

भारत के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली 2011 से लेकर 2019 तक कुल 26 विश्व कप मुकाबले खेल चुके हैं। वह 2023 का विश्व कप खेलते हुए भी नजर आएंगे। उन्होंने अब तक विश्व कप में 1030 रन बनाए हैं। वह 2011 में विश्व कप चैंपियन भारतीय टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।

5. Kapil Dev (1979-1992) - 26 Matches:

भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव ने 1979 से लेकर 1992 तक कुल 26विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने 669 रन बनाए थे और 28 विकेट भी चटकाए थे। उनकी कप्तानी में भारत ने 1983 में पहली बार विश्व कप का खिताब भी जीता था।

4. MS Dhoni (2007-2019) - 29 Matches:

भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने 2007 से लेकर 2019 तक कुल 29 विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 780 रन बनाए थे, जबकि विकेटकीपिंग करते हुए 34 कैच और 8 स्टंपिंग किए थे। उनकी कप्तानी में भारत ने 2011 में विश्व कप का खिताब भी जीता था।

3. Mohammad Azharuddin (1987-1999) - 30 Matches:

भारत के पूर्व कप्तान और बेहतरीन बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 1987 से लेकर 1999 तक कुल 30 विश्व कप मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने 826 रन बनाए थे। उन्होंने 1992, 1996 और 1999 के विश्व कप में भारत की कप्तानी भी की थी। हालांकि, उनके नेतृत्व में भारतीय टीम कभी फाइनल नहीं खेल सकी थी।

2. Javagal Srinath (1992-2003) - 36 Matches:

पूर्व बेहतरीन तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने 1992 से लेकर 2003 तक भारत के लिए कुल 36 मुकाबले खेले थे और 44 विकेट चटकाए थे। वह विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में जहीर खान के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर भी हैं। बता दें कि, श्रीनाथ 2003 में विश्व कप का फाइनल भी खेल चुके हैं, लेकिन चैंपियन नहीं बन सके।

1. Sachin Tendulkar (1992-1996) - 45 Matches:

पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने 1992 से लेकर 2011 तक कुल 45 विश्व कप मुकाबले खेले और 2278 रन बनाए। विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में वह पहले स्थान पर हैं। तेंदुलकर 2011 में वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।

Neetish Kumar Mishra
Neetish Kumar Mishra

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement