टॉप 10 कबड्डी खिलाड़ी जिनका PKL को सफल बनाने में रहा है अहम योगदान

कबड्डी भारत के सबसे पसंदीदा खेलों में से एक है।
प्रो कबड्डी लीग (PKL) की लोकप्रियता साल दर साल बढ़ती रही है और प्रत्येक साल कुछ नए खिलाड़ी उभर कर सामने आते रहते हैं। इस समय कबड्डी फैंस PKL 10 का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत 2 दिसंबर से होने वाली है। मगर PKL की शुरुआत आज से करीब 9 साल पहले यानी 2014 में हुई थी।
PKL ने दुनिया भर के कबड्डी खिलाड़ियों को इस खेल में आने के लिए प्रेरित करने का काम किया है। वहीं कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने प्रो कबड्डी लीग की विरासत को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया है। इस आर्टिकल में आइए जानते हैं उन 10 महान कबड्डी खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने PKL को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
इन खिलाड़ियों ने PKL को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया:
10. पवन सेहरावत
पवन सेहरावत केवल 27 साल की उम्र में युवा कबड्डी फैंस के लिए किसी हीरो के रूप में उभर कर सामने आए हैं। पवन ने साबित किया है कि कड़ी मेहनत और किस्मत थोड़ा साथ दे तो कबड्डी का खेल भी आपको पैसा और फेम कमा कर दे सकता है। वो PKL के इतिहास के सबसे सफल रेडर्स में से एक रहे हैं और दसवें सीजन में तेलुगू टाइटंस ने उन्हें 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा है। उन्होंने कमाई के नए मानक तय कर ना केवल युवाओं को प्रेरित किया है बल्कि PKL को नई पहचान भी दिलाई है।
9. संदीप नरवाल
संदीप नरवाल उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं जो PKL के पहले सीजन से खेलते आ रहे हैं। उनकी फिटनेस जबरदस्त है और हमेशा अपनी ताकत और तकनीक का मिश्रण करते हुए रेडर्स की मुश्किलें बढ़ाते आए हैं। संदीप इस लीग के इतिहास के सबसे सफल डिफेंडर्स में से एक हैं और आज तक 330 टैकल पॉइंट्स अर्जित कर चुके हैं। वहीं एक ऑल-राउंडर होते हुए वो जरूरत पड़ने पर रेडिंग में भी अच्छा कर सकते हैं।
8. राहुल चौधरी
राहुल चौधरी के लिए पिछले कुछ सीजन अच्छे नहीं रहे हैं, लेकिन इससे ये तथ्य नहीं बदल जाता कि वो प्रो कबड्डी लीग के इतिहास के सबसे सफल रेडर्स में से एक हैं। वो 2016 साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। वहीं PKL में आज तक 1039 रेड पॉइंट्स अर्जित कर चुके हैं, जो उन्हें इस लीग के इतिहास का तीसरा सबसे सफल रेडर बनाते हैं।
7. धर्मराज चेरालाथन
धर्मराज चेरालाथन आज तक जिस भी टीम के लिए खेले हैं, उसके लिए एक अनुभवी और प्रतिभाशाली डिफेंडर की भूमिका निभाते आए हैं। वो PKL 8 में 46 साल की उम्र में जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए खेलते हुए दिखाई दिए थे। उन्होंने इतनी उम्र में भी कोर्ट पर उतर कर साबित किया था कि वो कबड्डी के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं और युवाओं को प्रोत्साहित करने का भी काम किया था।
6. मनजीत छिल्लर
मनजीत छिल्लर केवल PKL नहीं बल्कि कबड्डी इतिहास के सबसे बेहतरीन ऑल-राउंडर्स में से एक हैं। उन्हें आखिरी बार PKL 8 में खेलते देखा गया था, जहां उन्होंने 24 मैचों में 52 टैकल पॉइंट्स अर्जित किए थे। वो इस लीग के इतिहास में दूसरे सबसे सफल डिफेंडर हैं। वो अब रिटायर हो चुके हैं, लेकिन अब तेलुगू टाइटंस के सहायक कोच की भूमिका निभा रहे हैं।
5. मनिंदर सिंह
मनिंदर सिंह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो साल दर साल अपने प्रदर्शन में सुधार लाते रहे हैं। खासतौर पर पिछले 5 सीजन की बात करें तो मनिंदर सिंह नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं। यहां तक कि उन्होंने सातवें सीजन में बंगाल वॉरियर्स को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया था। उन्होंने अपने करियर में 1231 रेड पॉइंट्स अर्जित किए हैं, जो उन्हें PKL इतिहास के सबसे सफल रेडर्स में से एक बनाती है।
4. अजय ठाकुर
अजय ठाकुर कबड्डी के खेल में अपनी लंबाई का फायदा उठाते आए हैं। ठाकुर ने PKL की शुरुआत में इस लीग को लोकप्रियता दिलाने में बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्हें Do or Die रेड्स के एक्सपर्ट के रूप में पहचाना जाता था। जब भी Do or Die रेड की स्थिति में अजय ठाकुर आते थे, तो फैंस के अंदर रोमांच भर जाता था। उन्होंने अपने अनोखे स्टाइल से कबड्डी के फैंस को अपना दीवाना बनाया हुआ था।
3. फजल अत्राचली
फज़ल अत्राचली आज PKL इतिहास के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। वो ईरान की राष्ट्रीय कबड्डी टीम के कप्तान हैं और PKL 10 में गुजरात जायंट्स ने उन्हें 1.6 करोड़ रुपए में खरीदा था। उन्होंने खासतौर पर PKL में विदेशी खिलाड़ियों को एक राह दिखाई थी कि यहां केवल भारतीय खिलाड़ी ही नहीं बल्कि विदेशी खिलाड़ी भी फेम और सफलता हासिल कर सकते हैं। उनकी PKL में सफलता के बाद कई अन्य ईरानी खिलाड़ी भी इस लीग पर अपनी छाप छोड़ चुके हैं।
2. परदीप नरवाल
परदीप नरवाल ने 2015 में PKL डेब्यू किया था, जहां वो कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, मगर 2016 में उन्होंने अपनी छाप छोड़नी शुरू की। वो युवा और जोश से भरे हुए थे और इसी जोश के दम पर युवाओं के हीरो बनकर उभरे। उन्हें डुबकी किंग के नाम से जाना जाने लगा था। उनका फैंस के अंदर आज भी पहले जैसा क्रेज़ है। वो PKL के इतिहास के सबसे सफल रेडर रहे हैं और आज तक लीग के इतिहास में 1500 से अधिक रेड पॉइंट्स बटोरने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। ये रिकॉर्ड इस बात का सबूत है कि उन्होंने PKL की सफलता में बहुत अहम योगदान दिया है।
1. अनूप कुमार
अनूप कुमार PKL के पहले सीजन में सबसे ज्यादा रेड पॉइंट्स अर्जित करने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने अपनी कप्तानी में पहले ही सीजन में यू मुम्बा को फाइनल में पहुंचाया था, लेकिन जीत नहीं दिला पाए। मगर उससे अगले सीजन उन्होंने अपने टीम संयोजन को बेहतर किया और यू मुम्बा को PKL 2 की चैंपियन टीम बनाकर ही दम लिया। उन्हें कैप्टन कूल के नाम से जाना जाने लगा था। उनका कठिन परिस्थितियों में भी शांत रवैया हमेशा फैंस का दिल जीतने के लिए काफी होता था।
For more updates, follow Khel Now on Facebook, Twitter, and Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Telegram.
- अदार पूनावाला बनेंगे RCB के नए मालिक? IPL 2026 से पहले मची हलचल
- सुरजीत सिंह और पूजा काजला को कबड्डी में शानदार प्रदर्शन का मिलेगा इनाम, दोनों सितारों का अर्जुन अवार्ड से किया जाएगा सम्मान
- साल 2025 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पांच सबसे यादगार पल
- WWE के तीन मौजूदा सबसे बढ़िया बेबीफेस सुपरस्टार्स
- साल 2025 में भारतीय क्रिकेट के पांच सबसे यादगार पल