टॉप पांच पल जिन्होंने LA Knight को WWE का बहुत बड़ा सुपरस्टार बनाया

इस सुपरस्टार ने बहुत कम समय में लोकप्रियता हासिल कर ली है।
एलए नाइट (LA Knight) आज प्रोफेशनल रेसलिंग इंडस्ट्री का जाना पहचाना नाम बन चुके हैं, लेकिन WWE के टॉप बेबीफेस सुपरस्टार्स में से एक बनने से पहले उन्होंने करीब 2 दशकों लंबा संघर्ष किया था। पिछले कुछ महीनों में उनकी लोकप्रियता बहुत तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ी है, वहीं इवेंट्स के दौरान क्राउड उन्हें जबरदस्त तरीके से चीयर करता हुआ नजर आता है।
उन्होंने हालांकि अभी तक कोई चैंपियनशिप नहीं जीती है, लेकिन Crown Jewel 2023 में अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप के लिए रोमन रेंस को चैलेंज करने वाले हैं। खैर इस आर्टिकल में हम उन 5 पलों पर चर्चा करेंगे, जिन्होंने एलए नाइट को एक टॉप WWE सुपरस्टार बना दिया है।
1. Money in the Bank 2023 में शुरू हुआ शानदार सफर
एलए नाइट को WrestleMania 39 के बाद बड़ा पुश मिलना शुरू हुआ था और जब Money in the Bank 2023 का बिल्ड-अप शुरू हुआ तब उन्हें ब्रीफकेस जीतने के सबसे प्रबल दावेदारों में से एक माना जा रहा था। ब्रीफकेस जीतने के लिए उन्हें 6 रेसलर्स की चुनौती से पार पाना था। वो हालांकि जीत दर्ज नहीं कर पाए, लेकिन अपने शानदार प्रदर्शन के बलबूते उन्होंने फैंस का सपोर्ट जरूर हासिल कर लिया था।
नाइट की लोकप्रियता बढ़ने का एक कारण ये भी है कि उनके किरदार को द रॉक और स्टोन कोल्ड स्टीव ऑस्टिन का मिश्रण करते हुए बनाया गया है। Money in the Bank के प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया भर के फैंस के दिलों में जगह दिलाई थी। वहीं उनकी ‘Yeah’ मूवमेंट भी खूब चर्चा का विषय बनी हुई है।
2. SummerSlam 2023 में जीता बैटल रॉयल
काफी लोग Money in the Bank 2023 में एलए नाइट को हार के लिए बुक किए जाने पर WWE के फैसले की आलोचना कर रहे थे, लेकिन उसके बाद ट्रिपल एच ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि सही समय पर नाइट को दुनिया पर छाने का मौका दिया जाएगा। उन्हें ये मौका कुछ ही हफ्तों बाद SummerSlam 2023 में मिला।
SummerSlam में 25-मैन बैटल रॉयल करवाया गया जिसमें एजे स्टाइल्स, शेमस, द मिज़ और शिंस्के नाकामुरा जैसे बड़े सुपरस्टार्स शामिल रहे। अन्य 24 चैलेंजर्स को हराते हुए नाइट ने इस मुकाबले को जीता था। ये बड़ी जीत कहीं ना कहीं संकेत दे रही थी कि वो बड़े सुपरस्टार बनने के लिए तैयार हैं।
3. अपने प्रोमो में ब्रे वायट को ट्रिब्यूट दिया
ब्रे वायट काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते WWE में काम करते हुए नजर नहीं आ रहे थे, लेकिन अगस्त महीने में खबर सामने आई कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया है। उनका केवल 36 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह देना प्रो रेसलिंग वर्ल्ड के लिए बहुत दुखद खबर थी। दुनिया के कई जाने-माने रेसलर्स ने उनके निधन पर संवेदना प्रकट की थी।
वहीं एक SmackDown एपिसोड में एलए नाइट ने अपने प्रोमो में ब्रे वायट को ट्रिब्यूट दिया था, जिसके लिए लोगों के मन में उनके प्रति सम्मान बढ़ गया होगा। कुछ समय बाद खुलासा किया गया कि उनके द्वारा वायट के लिए कहे गए शब्द किसी स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं थे। नाइट द्वारा दिल छू लेने वाला प्रोमो कट करना दर्शा रहा था कि वो अपने साथी रेसलर्स को बहुत सम्मान की नजरों से देखते हैं। उनके इस स्वरूप के कारण भी फैंस उनसे बहुत प्यार करते हैं।
4. द मिज के खिलाफ फ्यूड
एलए नाइट को फैंस से जबरदस्त सपोर्ट मिल रहा था, लेकिन स्टोरीलाइंस में अच्छा करने के लिए उन्हें कठिन चुनौतियों से पार पाना था। इस बीच उनकी फ्यूड द मिज़ से शुरू हुई, जो नाइट के करियर को एक नई दिशा में आगे बढ़ाने वाली थी। द मिज़ का अधिकांश करियर चाहे हील किरदार में काम करते हुए गुजरा है, लेकिन उन्हें साथी रेसलर्स को पुश दिलाने में महारत हासिल है।
नाइट और मिज़ के प्रोमो बैटल लगातार फैंस का मनोरंजन कर रहे थे, जिन्होंने साबित किया कि नाइट के पास ना केवल अच्छी इन-रिंग स्किल्स हैं बल्कि वो अच्छे प्रोमो देकर भी स्टोरीलाइन में रोमांच भर सकते हैं। ये बातें साबित करती हैं कि वो भविष्य में वर्ल्ड चैंपियन बनने की काबिलियत रखते हैं।
5. जॉन सीना के साथ टीम बनाकर काम किया
एलए नाइट कई बार प्रोमो कट करते हुए ये कह चुके हैं कि उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 20 साल लंबा संघर्ष किया है। एक तरफ उन्हें बड़े बेबीफेस के रूप में पेश किया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर सितंबर महीने की शुरुआत में जॉन सीना ने WWE में वापसी की। दोनों बेबीफेस सुपरस्टार्स की जुगलबंदी Fastlane 2023 में देखने को मिली थी।
Fastlane में एलए नाइट और जॉन सीना ने टीम बनाकर सोलो सिकोआ और जिमी की जोड़ी का सामना किया था। जॉन WWE इतिहास के सबसे महान सुपरस्टार्स में से एक हैं और उनके साथ रिंग शेयर करना बड़े-बड़े रेसलर्स का सपना होता है। वो जॉन ही थे जिन्होंने नाइट को रोमन रेंस के चैलेंजर के रूप में पेश किया था और इसी वजह से उन्हें Crown Jewel 2023 में अनडिस्प्यूटेड WWE यूनिवर्सल चैंपियनशिप मैच मिल पाया है।
- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, ईशान किशन और रिंकू सिंह को मिला इनाम
- क्या WWE से होने वाली है Triple H की छुट्टी? John Cena के रिटायरमेंट मैच के बाद कंपनी में चल रही है गर्मा गर्मी
- टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी