Khel Now logo
HomeSportsBangladesh Premier LeagueLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

जानिए U19 World Cup के प्रत्येक संस्करण में कैसा रहा है भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :February 6, 2024 at 8:09 PM
Modified at :February 6, 2024 at 8:09 PM
जानिए U19 World Cup के प्रत्येक संस्करण में कैसा रहा है भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन

U19 विश्व कप के इतिहास में भारत ने अब तक सबसे ज्यादा खिताब जीते हैं।

आईसीसी अंडर 19 विश्व कप (U19 World Cup) की शुरुआत 1988 में हुई थी, लेकिन तब इसे यूथ क्रिकेट विश्व कप का नाम दिया गया था। साल 1998 से इसका नाम बदलकर अंडर-19 विश्व कप कर दिया गया और फिर तब से हर 2 सालों बाद आईसीसी द्वारा इस टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाता है। आईसीसी अंडर 19 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम खिताब जीतने के मामले में पहले स्थान पर आती है।

भारतीय अंडर 19 टीम को 8 बार फाइनल में पहुंचने के बाद 5 बार सफलता हासिल हुई है, जबकि 3 बार हार का मुंह देखना पड़ा है। 1988 से लेकर 2022 तक के संस्करण तक भारतीय टीम ने कुल 89 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्हें 69 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है, जबकि एक मुकाबला टाई हुआ है। यहां हम आपको आईसीसी U19 World Cup के प्रत्येक संस्करण में भारतीय टीम के प्रदर्शन की जानकारी देने जा रहे हैं।

U19 World Cup में भारतीय टीम का अब तक का प्रदर्शन:

1. भारत का अंडर-19 विश्व कप (यूथ क्रिकेट विश्व कप) 1988 में प्रदर्शन:

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप का पहला संस्करण साल 1988 में यूथ क्रिकेट विश्व कप के नाम से आयोजित हुआ था, जिसमें 8 टीमों ने हिस्सा लिया था। ऑस्ट्रेलिया में आयोजित हुए उस टूर्नामेंट में मेजबान टीम को जीत हासिल हुई थी। मायलुआहनन सेंथिलनाथन की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा था और वह ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। उन्हें उस संस्करण में 7 मैचों में मात्र 3 मैचों में ही जीत हासिल हुई थी।

2. भारत का अंडर-19 विश्व कप 1998 में प्रदर्शन:

यूथ क्रिकेट विश्व कप 1988 के 10 सालों बाद 1998 में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के नाम से यह टूर्नामेंट एक बार फिर से शुरू हुआ। उस टूर्नामेंट में पहली बार 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। तब से लेकर अब तक हर अंडर-19 विश्व कप संस्करण में 16 टीमें ही हिस्सा लेती हैं। 1998 के अंडर-19 विश्व कप में अमित पगनिस ने भारतीय टीम की कप्तानी की थी, जिसमें भारतीय टीम दूसरे राउंड तक पहुंची थी। भारतीय टीम को उस टूर्नामेंट में 6 में से 4 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

3. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2000 में प्रदर्शन:

श्रीलंका में आयोजित हुए अंडर-19 विश्व कप 2000 में भारतीय टीम का नेतृत्व मोहम्मद कैफ ने किया था। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम कोई भी मुकाबला हारे बिना ही फाइनल में पहुँची थी और खिताब भी जीता था। उन्हें 8 में से 7 मुकाबलों में जीत हासिल हुई थी, जबकि एक मैच टाई हुआ था। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में मेजबान श्रीलंका अंडर-19 को हराकर पहली बार खिताब जीता था। युवराज सिंह को उस टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।

4. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2002 में प्रदर्शन:

अंडर-19 विश्व कप का चौथा संस्करण साल 2002 में न्यूजीलैंड में आयोजित हुआ था। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने पार्थिव पटेल की कप्तानी में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, जहाँ उन्हें 112 रनों के अंतर से दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी और उनका सफर वहीं पर समाप्त हो गया था। भारत को उस टूर्नामेंट में 7 में से 3 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

5. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2004 में प्रदर्शन:

बांग्लादेश में आयोजित हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2004 में भारतीय अंडर-19 टीम सेमीफाइनल में पहुँची थी, जहां उन्हें पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अंबाती रायडू ने उस टूर्नामेंट में भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में भारत को 7 में से 5 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

6. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2006 में प्रदर्शन:

श्रीलंका में आयोजित हुए अंडर-19 विश्व कप 2006 में भारतीय टीम ने रविकांत शुक्ला की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, भारतीय अंडर-19 टीम को फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को 6 में से 5 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

7. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2008 में प्रदर्शन:

मलेशिया में खेले गए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2008 में भारतीय टीम ने दूसरी बार विराट कोहली की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था। भारतीय अंडर-19 टीम ने फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 को हराकर खिताब पर कब्जा किया था। उस टूर्नामेंट में भारत को सभी 6 मुकाबलों में जीत हासिल हुई थी।

8. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2010 में प्रदर्शन:

न्यूजीलैंड में आयोजित हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2010 में भारतीय अंडर-19 टीम अशोक मेनारिया की कप्तानी में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान अंडर-19 से हार का सामना करना पड़ा था। उस टूर्नामेंट में भारत को 6 में से 3 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

9. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2012 में प्रदर्शन:

ऑस्ट्रेलिया में खेले गए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को हराकर खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को 6 में से 5 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

10. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2014 में प्रदर्शन:

यूएई में आयोजित हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2014 में भारतीय अंडर-19 ने विजय जोल की कप्तानी में ग्रुप स्टेज में अजेय रहते हुए क्वार्टर फाइनल तक पहुँची थी। हालांकि, क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ हार झेलने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। उस टूर्नामेंट में भारत को 6 में से 5 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

11. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2016 में प्रदर्शन:

बांग्लादेश में आयोजित हुए आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2016 में भारतीय अंडर-19 टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, फाइनल मुकाबले में उन्हें वेस्टइंडीज अंडर-19 टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम को 6 में से 5 मुकाबलों में जीत हासिल हुई थी।

12. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2018 में प्रदर्शन:

2018 में न्यूजीलैंड में आयोजित हुए अंडर-19 विश्व कप में जीत हासिल करके भारतीय टीम चौथी बार अंडर-19 विश्व कप की विजेता बनी थी। फाइनल मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 से हुआ था, जहां उन्हें 8 विकेट से जीत हासिल हुई थी। उस टूर्नामेंट में भारत को सभी 6 मुकाबलों में जीत हासिल हुई थी।

13. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2020 में प्रदर्शन:

दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हुए अंडर-19 विश्व कप 2020 में भारतीय अंडर-19 टीम ने प्रियम गर्ग की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, वहाँ उन्हें बांग्लादेश अंडर-19 के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस टूर्नामेंट में भारत को 6 में से 5 मैचों में जीत हासिल हुई थी।

14. भारत का अंडर-19 विश्व कप 2022 में प्रदर्शन:

वेस्टइंडीज में आयोजित हुए साल 2022 के अंडर-19 विश्व कप में भारतीय अंडर-19 टीम ने यश ढुल की कप्तानी में खिताब जीता था। उन्होंने फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड अंडर-19 को 4 विकेट से हराया था। उस टूर्नामेंट में भारत को सभी 6 मुकाबलों में जीत हासिल हुई थी।

For more updates, follow Khel Now Cricket on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement