Khel Now logo
HomeSportsAsian GamesLive Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

IPL इतिहास के पांच सबसे बड़े विवाद

Sawan has been writing about multiple sports like Kabaddi, Cricket, Badminton and others since 2017.
Published at :March 6, 2024 at 1:52 PM (GMT+5:30)
Modified at :March 6, 2024 at 1:52 PM (GMT+5:30)
IPL इतिहास के पांच सबसे बड़े विवाद

आईपीएल इतिहास में अभी तक कई बड़े विवाद देखने को मिल चुके हैं।

आईपीएल (IPL) दुनिया की सबसे बड़ी लीग है। साल 2008 में इसका आगाज हुआ था और अभी तक 16 सीजन आईपीएल के खेले जा चुके हैं। जैसे-जैसे आईपीएल का कारवां आगे बढ़ता गया है, इसकी लोकप्रियता भी काफी बढ़ती गई है। यही वजह है कि जब आईपीएल का आयोजन होता है तो फिर उस विंडो के दौरान काफी कम इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाते हैं और लगभग सभी खिलाड़ी आईपीएल के लिए उपलब्ध रहते हैं।

इसमें कोई शक नहीं कि क्रिकेट ही आईपीएल का मेन फोकस रहा है लेकिन इस दौरान कई विवाद भी आईपीएल में हुए हैं। इनमें स्पॉट फिक्सिंग से लेकर मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कहासुनी तक शामिल है। आइए जानते हैं आईपीएल के कुछ ऐसे ही विवादों के बारे में।

Catch Every Update, Anytime, Anywhere

ये हैं IPL के सबसे बड़े विवाद:

5. गौतम गंभीर और विराट कोहली के बीच दो बार लड़ाई (2013 और 2023)

विराट कोहली और गौतम गंभीर दोनों ही भारत के बड़े क्रिकेटर हैं और इन्होंने एकसाथ खेला है। हालांकि आईपीएल में इनके बीच काफी कड़ी प्रतिद्वंदिता रही है। अभी तक आईपीएल में दो बार इन दिग्गज प्लेयर्स के बीच विवाद हो चुका है। आईपीएल 2013 के दौरान जब केकेआर के खिलाफ मैच में विराट कोहली एक गलत शॉट खेलकर आउट हो गए थे तो गौतम गंभीर ने उनसे कुछ कहा। कोहली ने उसका जवाब तुरंत दिया और फिर दोनों के बीच काफी कहासुनी हो गई।

वहीं इसके ठीक 10 साल बाद आईपीएल 2023 के दौरान भी दोनों प्लेयर्स के बीच मैदान में जमकर बहस हुई। गंभीर इस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर थे और जब आरसीबी ने लखनऊ को उनके ही होम ग्राउंड में हरा दिया तब उसके बाद गंभीर और विराट के बीच काफी कहासुनी हो गई। सबसे पहले विराट कोहली का नवीन उल हक के साथ विवाद हुआ था और उसके बाद गंभीर भी बीच में आ गए थे।

4. हरभजन सिंह ने श्रीसंत को जड़ा थप्पड़ (2008)

आईपीएल के आगाज को 12 दिन ही हुए थे और इस दौरान एक बड़ा विवाद हो गया था। 25 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के तब के कप्तान हरभजन सिंह की एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसमें वो किंग्स इलेवन पंजाब के गेंदबाज एस श्रीसंत को थप्पड़ मारते हुए दिख रहे थे। तस्वीरों में ये भी देखा जा सकता था कि श्रीसंत रोते हुए भी नजर आ रहे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई इंडियंस की हार के बाद श्रीसंत ने हरभजन सिंह से कहा था कि ‘हार्ड लक’, जिसकी वजह से हरभजन सिंह अपना आपा खो बैठे और श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था। इस घटना के बाद हरभजन सिंह को पूरे सीजन के लिए बैन कर दिया गया था। इसके अलावा बीसीसीआई की अनुशासन समिति ने भी उन्हें 5 वनडे मैचों के लिए बैन कर दिया था।

3. ल्यूक पॉमर्सबैक का गिरफ्तार होना (2012)

आईपीएल के पांचवें सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ल्यूक पॉमर्सबैक आरसीबी का हिस्सा थे। ल्यूक पर दिल्ली के एक होटल में महिला के साथ जबरदस्ती और एक पुरुष के साथ मारपीट का आरोप लगा था। इसके बाद ल्यूक पॉमर्सबैक को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। दरअसल, अमेरिका की रहने वाली जोहल हामिद ने ल्यूक पर आरोप लगाया था कि आरसीबी और दिल्ली के मैच के बाद, उन्होंने अपने मंगेतर के साथ ल्यूक को पार्टी करने के लिए अपने होटल रूम में बुलाया था। यहीं पर ल्यूक ने पहले जोहल के साथ बदतमीजी की और फिर जोहल के मंगेतर के साथ काफी मारपीट की जिससे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

2. शाहरुख खान को वानखेड़े स्टेडियम में बैन किया गया (2012)

आईपीएल 2012 के सीजन के दौरान बॉलीवुड सुपरस्टार और केकेआर के ऑनर शाहरुख खान के साथ बड़ा विवाद हुआ था। खबरों के मुताबिक शाहरुख खान नशे की हालत में अपनी टीम की जीत के बाद वानखेड़े स्टेडियम में सिक्योरिटी गार्ड से उलझ पड़े थे। उन पर आरोप लगा था कि उन्होंने अधिकारियों को गाली दी और बिना किसी अनुमति के मैदान में घुस गए थे। इसके बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शाहरुख खान पर वानखेड़े स्टेडियम में घुसने पर 5 साल के लिए बैन लगा दिया था। हालांकि इस बैन को 2015 में हटा लिया गया था।

1. आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग (2013)

ये आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा विवाद कहा जा सकता है, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ी स्पॉट फिक्सिंग में लिप्त पाए गए थे। इसमें सबसे बड़ा नाम टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज श्रीसंत का था। इसके अलावा अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण पर भी फिक्सिंग का आरोप लगा था। इसके बाद एक्टर बिंदू दारा सिंह को भी दिल्ली पुलिस ने इसी मामले में पकड़ा था। बीसीसीआई ने तीनों ही खिलाड़ियों पर आजीवन बैन लगा दिया था। हालांकि श्रीसंत का बैन अब हट चुका है और वो क्रिकेट खेलते हुए नजर आते हैं।

For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

TRENDING TOPICS

Asian Games 2026

IMPORTANT LINKS

  • Home
  • About Us
  • Contact Us
  • Terms Of Use
Khel Icon

Add as Preferred Source

SVG Title

Download on the

App Store

SVG Title

GET IT ON

Google Play

Khel Now on Google

Sports news, stories and updates


2026 KhelNow.com Agnificent Platform Technologies Pte. Ltd.