Khel Now logo
HomeSportsICC Women's World CupLive Cricket Score
Advertisement

क्रिकेट न्यूज

एक आईपीएल सीजन में दो या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची

Neetish has been part of Khel Now since March 2023, covering Hindi Sports articles on the Cricket desk.
Published at :April 20, 2024 at 8:00 AM
Modified at :April 20, 2024 at 8:00 AM
एक आईपीएल सीजन में दो या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची

कुल मिलाकर 8 खिलाडियों ने अबतक ये कारनामा किया है।

आईपीएल 2024 के सीजन में अब तक कई बल्लेबाज शतक जड़ चुके हैं, लेकिन मात्र जोस बटलर ही इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं,जो दो शतक जड़ चुके हैं। बटलर ने इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रन चेज के दौरान शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई है और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने हैं। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में दूसरे ऐसे बल्लेबाज बन चुके हैं, जिन्होंने दो अलग-अलग सीजन में दो या उससे ज्यादा शतक जड़ने का कारनामा किया है।

हालांकि, आईपीएल इतिहास में विराट कोहली के नाम भी दो अलग-अलग सीजन में दो या उससे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। जोस बटलर और कोहली के अलावा 6 बल्लेबाज ऐसे हैं जिन्होंने एक सीजन दो या उससे ज्यादा शतक जड़ने का कारनामा किया है।

1. क्रिस गेल (2011)

आईपीएल के सर्वश्रेष्ठ विदेशी सलामी बल्लेबाजों में से एक क्रिस गेल ने आईपीएल में 6 शतक लगाए हैं। उनके नाम आईपीएल में सबसे बड़ी पारी (175*) खेलने का भी रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने आईपीएल 2011 में दो शतक लगाए थे। गेल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कोलकाता में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक (102) और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ बेंगलुरु में अपना दूसरा शतक (107) लगाया था।

2. हाशिम आमला (2017)

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम आमला ने आईपीएल 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने उस सीजन दो मैचों में शतक लगाया था। आमला ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंदौर में और गुजरात लायंस के खिलाफ मोहाली में क्रमशः 104* और 104 रनों की पारियां खेली थी। हालांकि, दोनों ही मुकाबलों में उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था और उन्हें अगले सीजन से कभी आईपीएल खेलने का मौका नहीं मिला।

3. शेन वॉटसन (2018):

शेन वॉटसन आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े विदेशी ऑलराउंडर्स में से एक हैं। उन्होंने आईपीएल में 145 मुकाबले खेले हैं और लगभग 4 हजार रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक भी निकले हैं। आईपीएल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाने में वॉट्सन का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने उस सीजन 2 शतक लगाए थे, जिसमें फाइनल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रिकॉर्ड शतक भी शामिल था।

4. शिखर धवन (2020)

आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद शिखर धवन आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। 2022 से पहले वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हुआ करते थे। उन्होंने आईपीएल 2020 में काफी शानदार बल्लेबाजी की थी और लगातार दो शतक लगाए थे। धवन ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 101* और पंजाब किंग्स के खिलाफ 106* रनों की परियां खेली थी।

5. केएल राहुल (2022):

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल आईपीएल 2022 से लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने इस टीम के साथ अपने पहले सीजन में काफी शानदार प्रदर्शन किया था। राहुल ने उस सीजन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 शतक भी लगाए थे। उन्होंने 60 गेंदों पर 103 और 68 गेंदों पर 100 रनों की पारियां खेली थी।

6. शुभमन गिल (2023):

भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल आईपीएल 2023 में ऑरेंज कैप होल्डर थे। उनकी टीम गुजरात टाइटंस फाइनल तक भी पहुंची थी। गिल ने आईपीएल 2023 में 3 शतक लगाए थे। उन्होंने उस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहमदाबाद में 101, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एम० चिन्नास्वामी स्टेडियम में 104* और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहमदाबाद में 129 रनों की पारियां खेली थी।

7. जोस बटलर (2022 & 2024):

जोस बटलर आईपीएल इतिहास के सर्वश्रेष्ठ विदेशी सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं। 2021 में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाने वाले बटलर अब तक 7 शतक जड़ चुके हैं। वह आईपीएल 2024 में भी अब तक 2 शतक (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ) जड़ चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने आईपीएल 2022 में 4 शतक लगाए थे। एक सीजन में सबसे ज्यादा (4) शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में जोस बटलर का नाम विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर भी है। बटलर इकलौते ऐसे विदेशी खिलाड़ी हैं जो दो अलग-अलग सीजन (2022 में और 2024 में) दो या उससे ज्यादा शतक जड़ चुके हैं।

8. विराट कोहली (2016 & 2023)

आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले और सबसे अधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली दो सीजन यह कारनामा कर चुके हैं। वह 2016 में और 2023 के सीजन में दो या उससे ज्यादा शतक लगा चुके हैं। कोहली ने आईपीएल 2016 में 4 शतक और आईपीएल 2023 में दो शतक लगाए थे। वह इकलौते ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने दो अलग-अलग सीजन में दो या उससे अधिक शतक लगाने का कारनामा किया है।

For more updates, follow Khel Now Cricket for IPL 2024 Live Score & IPL Points Table,  on FacebookTwitterInstagramYoutube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on WhatsappTelegram.

Neetish
Neetish

Neetish Kumar Mishra started content writing in 2018 due to his interest in cricket. He has experience writing and editing work for more than 10 sports websites to date.

Latest News
Advertisement