चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज

चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीन भारतीय बल्लेबाज टॉप 10 में शामिल हैं।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन सबसे पहली बार 1998 में हुआ था और तब इसे आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी के नाम से जाना जाता था। अब तक आठ बार इस टूर्नामेंट का आयोजन हो चुका है और उसमें से भारतीय टीम चार बार फाइनल में पहुंची है। बता दें दो बार भारत ने खिताब पर कब्जा किया और दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2017 में खेले गए पिछले चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान ने भारत को फाइनल में हराया था।
चैंपियंस ट्रॉफी में अगर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप 10 में तीन भारतीय बल्लेबाजों का नाम शामिल है, लेकिन इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है। तो चलिए इस आर्टिकल में हम आपको उन टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया है।
10. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) – 536 रन
श्रीलंका के महानतम बल्लेबाजों में शुमार सनथ जयसूर्या ने चैंपियंस ट्रॉफी के 20 मैच में 29.77 की औसत से 536 रन बनाये हैं। जयसूर्या ने चैंपियंस ट्रॉफी में एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था। 2002 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 120 गेंदों में 102 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली थी।
9. शिवनारायण चंद्रपॉल (वेस्टइंडीज) – 587 रन
वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल ने चैंपियंस ट्रॉफी के 16 मैच में 53.36 की जबरदस्त औसत से 587 रन बनाये। चंद्रपॉल ने चैंपियंस ट्रॉफी में पांच अर्धशतक लगाए और भारत के खिलाफ 1998 में 74 गेंदों में 74 का स्कोर उनका सर्वाधिक रहा।
8. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 593 रन

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग ने चैंपियंस ट्रॉफी के 18 मैच में 39.53 की औसत से 593 रन बनाये। पोंटिंग ने चैंपियंस ट्रॉफी में एक शतक और चार अर्धशतक लगाया था। 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 115 गेंदों में 111 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली थी।
7. राहुल द्रविड़ (भारत) – 627 रन

राहुल द्रविड़ ने चैंपियंस ट्रॉफी के 19 मैच में 48.23 की औसत और सबसे ज्यादा 6 अर्धशतक की मदद से 627 रन बनाये थे। 2000 के आईसीसी नॉकआउट में उन्होंने केन्या और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। इसके बाद 2002 में राहुल द्रविड़ ने ज़िम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाया था और 2004 में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।
2006 में द्रविड़ ने ऑस्ट्रेलिया और 2009 में आखिरी बार पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाया था जिसमें उन्होंने 76 का अपना सर्वाधिक स्कोर भी बनाया था।
6. जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) – 653 रन
दक्षिण अफ्रीका के महानतम ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैचों में 46.64 की औसत से 653 रन बनाये। कैलिस ने चैंपियंस ट्रॉफी में एक शतक और तीन अर्धशतक लगाया। श्रीलंका के खिलाफ 1998 में 100 गेंदों में 113 का नाबाद स्कोर उनका सर्वाधिक रहा।
5. सौरव गांगुली (भारत) – 665 रन
सौरव गांगुली ने चैंपियंस ट्रॉफी के 13 मैच में 73.88 की औसत और 3-3 शतक एवं अर्धशतक की मदद से 665 रन बनाये थे। 1998 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद 2000 में गांगुली ने केन्या के खिलाफ भी अर्धशतक लगाया था। 2000 में ही गांगुली ने लगातार दो मैच में दक्षिण अफ्रीका (141*) और न्यूजीलैंड (117) के खिलाफ शतक लगाया था। इसके बाद 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 117 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली थी। 2004 में केन्या के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी अर्धशतक लगाया था।
4. कुमार संगकारा (श्रीलंका) – 683 रन
श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा ने चैंपियंस ट्रॉफी के 22 मैच में 37.94 की औसत से 683 रन बनाये। संगकारा ने चैंपियंस ट्रॉफी में एक शतक और चार अर्धशतक लगाया था। इंग्लैंड के खिलाफ 2013 में उन्होंने 135 गेंदों में 134 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी।
3. शिखर धवन (भारत) – 701 रन

शिखर धवन के नाम चैंपियंस ट्रॉफी के सिर्फ 10 मैच में ही भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। धवन ने 10 मैच में 3 शतक और 3 अर्धशतक एवं 77.88 की बेहतरीन औसत से 701 रन बनाये हैं। 2013 में दक्षिण अफ्रीका (114) और वेस्टइंडीज (102*) के खिलाफ शतक लगाने के बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। ‘
इसके बाद 2017 में पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक लगाने के अलावा शिखर धवन ने श्रीलंका के खिलाफ 125 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी।
2. महेला जयवर्धने (श्रीलंका) – 742 रन
श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने ने चैंपियंस ट्रॉफी के 22 मैच में 41.22 की औसत से 742 रन बनाये। जयवर्धने ने चैंपियंस ट्रॉफी में पांच अर्धशतक लगाये थे और 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 81 गेंदों में नाबाद 84 का स्कोर उनका सर्वाधिक रहा। उस मैच में जयवर्धने को उनकी अहम पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
1. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 791 रन

वेस्टइंडीज के धमाकेदार ओपनर क्रिस गेल के नाम चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड दर्ज है। गेल ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैचों में 52.73 की औसत के साथ 791 रन बनाये थे। इस दौरान गेल ने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया था। गेल के तीनों शतक 2006 चैंपियंस ट्रॉफी में आये थे। बांग्लादेश के खिलाफ 118 गेंदों में 104 रन बनाने के बाद गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 128 गेंदों में 101 रन बनाये थे।
2006 के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गेल ने 135 गेंदों में 133 रनों की बेहतरीन नाबाद शतकीय पारी खेली थी और टीम को फाइनल में पहुंचाया था। इसके अलावा 2004 में क्रिस गेल बांग्लादेश के खिलाफ 99 रन बनाकर आउट हुए थे और शतक से चूक गए थे।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
- भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान, ईशान किशन और रिंकू सिंह को मिला इनाम
- क्या WWE से होने वाली है Triple H की छुट्टी? John Cena के रिटायरमेंट मैच के बाद कंपनी में चल रही है गर्मा गर्मी
- टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी
- IPL इतिहास के पांच सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी