Khel Now logo
HomeSportsAsian GamesLive Score
Advertisement

कबड्डी न्यूज

PKL 11 में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों की लिस्ट

Neeraj has been part of Khel Now Since November 2023 covering WWE and Kabaddi.
Published at :August 22, 2024 at 6:00 PM
Modified at :August 22, 2024 at 6:00 PM
PKL 11 में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों की लिस्ट

12 बेहतरीन टीमें PKL 11 में हिस्सा लेंगी।

प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) के ऑक्शन में कई टीमों के अंदर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। एक तरफ पवन सहरावत और मनिंदर सिंह जैसे बड़े स्टार अपनी पुरानी टीमों के साथ बने रहेंगे, वहीं परदीप नरवाल और फजल अत्राचली के रूप में 2 रिकॉर्ड ब्रेकिंग खिलाड़ी इस बार नई टीम के लिए खेलते नजर आएंगे।

टीमों पर नजर डाली जाए तो इस बार भी 12 टीम पीकेएल 11 में हिस्सा ले रही होंगी और आज तक कुल सात टीम प्रो कबड्डी लीग का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। अब एक बार फिर बारह टीमों के बीच ट्रॉफी जीतने की जंग छिड़ने वाली है। तो आइए जानते हैं कि प्रो कबड्डी लीग में कौन सी टीमें हिस्सा ले रही होंगी।

Catch Every Update, Anytime, Anywhere

12. बंगाल वॉरियर्स

बंगाल वॉरियर्स पहले सीजन से ही पीकेएल का अभिन्न हिस्सा बनी रही है। इस बार बंगाल की टीम बहुत मजबूत नजर आ रही है, जिसमें फजल अत्राचली के रूप में वर्ल्ड-क्लास डिफेंडर और मनिंदर सिंह के रूप में एक महान रेडर मौजूद है। उनके अलावा नितिन कुमार और एस विश्वास जैसे युवा रेडर, वहीं डिफेंडर नितेश कुमार इस बार बंगाल की टीम में आ गए हैं। यह टीम एक बार पीकेएल चैंपियन रही है और इस बार अपना दूसरा खिताब जीतना चाहेगी।

11. बेंगलुरु बुल्स

पीकेएल 11 ऑक्शन में बेंगलुरु बुल्स ने परदीप नरवाल को 70 लाख रुपये में खरीदा था और शायद अगले सीजन वो ही टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। छठे सीजन की चैंपियन टीम, बेंगलुरु बुल्स में अनुभव की बहुत कमी नजर आ रही है। परदीप नरवाल और सौरभ नांदल को छोड़ दें तो टीम में युवा खिलाड़ियों की भरमार है। बेंगलुरु पिछले सीजन प्वाइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर रही।

10. दबंग दिल्ली

पीकेएल सीजन 8 की चैंपियन दबंग दिल्ली को इस बार जोगिंदर नरवाल के रूप में नया हेड कोच मिला है, लेकिन टीम में अधिक बदलाव नहीं हुए हैं। नवीन कुमार, आशु मलिक, मनु और अब सिद्धार्थ देसाई के आने से रेडिंग को मजबूती मिलेगी। वही डिफेंस में योगेश-आशीष की जोड़ी एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार होगी। दिल्ली 10वें सीजन में एलिमिनेटर राउंड में हारकर बाहर हो गई थी।

9. गुजरात जायंट्स

गुजरात जायंट्स ने इस पार पटना के पूर्व कप्तान नीरज कुमार को साइन करके बहुत बड़ा दांव खेला है। वहीं गुमान सिंह पर 1.97 करोड़ रुपये की बोली के बाद देखना दिलचस्प होगा कि गुमान, कोच राममेहर सिंह की उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं या नहीं। गुजरात दो बार की फाइनलिस्ट टीम रही है और इस बार टीम एक बार फिर फाइनल में पहुंचने के लिए सुव्यवस्थित नजर आ रही है।

8. हरियाणा स्टीलर्स

हरियाणा स्टीलर्स हर बार की तरह एक मजबूत डिफेंस पर निर्भर होगी। टीम के पास विनय, शिवम पटारे और विशाल टेट के रूप में कई प्रतिभाशाली रेडर हैं, लेकिन मनप्रीत सिंह की कोचिंग वाली यह टीम डिफेंस के बलबूते आगे बढ़ सकती है। टीम में मोहम्मदरेजा शादलू आ गए हैं, जिनपर 2.07 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। हरियाणा इस बार भी पिछले सीजन के प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।

7. जयपुर पिंक पैंथर्स

जयपुर पिंक पैंथर्स ने जब कप्तान सुनील कुमार को रिलीज किया तो सब चौंक उठे। मगर 11वें सीजन के ऑक्शन में जयपुर ने एक बार फिर बढ़िया टीम तैयार कर ली है। अर्जुन देशवाल, नीरज नरवाल, विकास कंडोला और श्रीकान्त जाधव के रूप में 4 टॉप रेडर हैं। वहीं डिफेंस में अंकुश, रेजा मीरबघेरी, अभिषेक केएस और सुरजीत सिंह के रूप में काफी अनुभव मौजूद है।

6. पटना पाइरेट्स

तीन बार की पीकेएल चैंपियन पटना पाइरेट्स की इस बार ऑक्शन में रणनीतियां समझ से परे रहीं। पटना में इस बार जांग कुन ली की एंट्री हुई है, वहीं अंकित और सुधाकर एम को टीम ने पहले ही रिटेन कर लिया था। शुभम शिंदे और गुरदीप पर काफी ऊंची बोली लगाकर पटना ने अपने डिफेंस को मजबूत बनाने का प्रयास किया है।

5. पुनेरी पलटन

सीजन 10 की चैंपियन पुनेरी पलटन के पास असलम इनामदार और मोहित गोयत की जोड़ी इस बार भी मौजूद रहेगी। रेडिंग में वी अजीत कुमार और पंकज मोहिते भी टीम को मजबूती दे रहे होंगे। वहीं डिफेंस में पिछले सीजन से कई प्लेयर रिटेन किए गए हैं और कई युवा खिलाड़ी टीम से जुड़े हैं। विशेष तौर पर वी अजीत कुमार चर्चा का केंद्र बने, जिन्हें पुणे ने 66 लाख रुपये में खरीदा है।

4. तमिल थलाइवाज

तमिल थलाइवाज ने इस बार 2.15 करोड़ की बम्पर बोली लगाकर सचिन तंवर को खरीदा है और रेडिंग में उनका साथ नरेंदर कंडोला दे रहे होंगे। दूसरी ओर डिफेंस में सागर राठी और साहिल गुलिया की जोड़ी फिर से कमाल दिखाना चाहेगी। थलाइवाज ने पिछले सीजन से काफी खिलाड़ियों को रिटेन किया था।

3. तेलुगू टाइटंस

पवन सहरावत एक बार फिर तेलुगू टाइटंस को लीड कर रहे होंगे। उनपर इस बार 1.725 करोड़ रुपये की बोली लगी है। उन्हें विजय मलिक और संजीवी एस जैसे अनुभवी प्लेयर्स का भी साथ मिल रहा होगा। तेलुगू टीम का डिफेंस भी इस बार ठीकठाक नजर आ रहा है। यह टीम पिछली बार प्वाइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर रही थी।

2. यू मुम्बा

पीकेएल 11 सीजन पर नजर डालें तो यू मुम्बा इस बार मनजीत दहिया को एक टॉप रेडर के रूप में पेश कर सकती है, जिनपर 80 लाख रुपये की बोली लगी थी। इसके अलावा सीजन 2 की चैंपियन ने इस बार सुनील कुमार को 1.015 करोड़ रुपये में खरीद कर डिफेंस को मजबूती देने का काम किया है। अगर सही कॉम्बिनेशन बन पाया तो मुम्बा बहुत खतरनाक टीम बन सकती है।

1. यूपी योद्धा

ऑक्शन से पूर्व यूपी योद्धा ने सुरेंदर गिल, आशु सिंह, गगन गौड़ा और सुमित को रिटेन किया था। ऑक्शन में भारत हूडा के रूप में टीम ने एक टॉप रेडर को अपने साथ जोड़ा है। वहीं भवानी राजपूत भी इस बार रेडिंग में चमक सकते हैं। डिफेंस में यूपी के पास महेंद्र सिंह और साहुल कुमार की जोड़ी होगी, वहीं टीम ने इस बार एक ईरानी डिफेंस जोड़ी पर भी दांव खेला है।

For more updates, follow Khel Now Kabaddi on FacebookTwitterInstagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

TRENDING TOPICS

Asian Games 2026

IMPORTANT LINKS

  • Home
  • About Us
  • Contact Us
  • Terms Of Use
Khel Icon

Add as Preferred Source

Download on the

App Store

GET IT ON

Google Play


2026 KhelNow.com Agnificent Platform Technologies Pte. Ltd.